Loading...
भुवनेश्वर कुमार की अब नहीं होगी भारतीय टीम में वापसी? रविचंद्रन अश्विन ने दिया अहम बयान
पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भुवनेश्वर कुमार को लेकर अहम बयान दिया है

भुवनेश्वर कुमार की अब नहीं होगी भारतीय टीम में वापसी? रविचंद्रन अश्विन ने दिया अहम बयान

Nov 03, 2026
11:44 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने करीब 4 साल बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर के लिए भारतीय टीम के दरवाजे अब हमेशा के लिए बंद हो चुके हैं। बता दें कि इस सीरीज में भुवनेश्वर का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। आइए जानते हैं अश्विन में क्या कुछ कहा है।

बयान

अश्विन ने क्या दिया बयान?

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर भुवनेश्वर की गेंदबाजी की कमियों को तकनीकी रूप से समझाया।

उन्होंने कहा, "भुवनेश्वर कुमार ने अच्छी गेंदबाजी नहीं की और वह अपनी फॉर्म साबित करने में नाकाम रहे। उनकी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फॉर्म और यहां (न्यूजीलैंड सीरीज) के प्रदर्शन में दिन-रात का अंतर था। मुझे लगता है कि वह अध्याय शायद अब बंद हो चुका है। अब उनके लिए दोबारा भारतीय टीम में वापसी करना बहुत मुश्किल होगा।"

कारण

अश्विन ने बताया खराब प्रदर्शन का कारण

अश्विन ने कहा, "बात सिर्फ रन लुटाने या खराब प्रदर्शन की नहीं है। सबसे निराशाजनक बात यह थी कि जिस गहनता, रन-अप स्पीड और गेंदबाजी रफ्तार के साथ वह IPL में गेंदबाजी कर रहे थे, वह यहां काफी कम थी। वह इस सीरीज के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ ट्रेनिंग फॉर्म में नहीं आए थे।"

उन्होंने कहा, "अगर आप युवा होते, तो आपको 10 मौके और मिल जाते, लेकिन आप एक अनुभवी खिलाड़ी हैं, तो आपसे उम्मीदें अलग होती हैं।"

ADVERTISEMENT

वकालत

अश्विन ने की शमी की वकालत

अश्विन ने आगे बात करते हुए वरिष्ठ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की तारीफ की, जो पिछले डेढ़ साल से चोट और अन्य कारणों से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं।

अश्विन ने कहा, "इस समय मुझे लगता है कि मोहम्मद शमी बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी में जिस तरह से आकर गेंदबाजी कर रहे हैं, वह भुवनेश्वर के मुकाबले बहुत बेहतर लय में नजर आ रहे हैं। उन पर भी ध्यान दिया जा सकता है।"

ADVERTISEMENT

प्रदर्शन

सीरीज में कैसा रहा है भुवनेश्वर का प्रदर्शन?

भुवनेश्वर का सीरीज में प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने पहले 4 मैचों में क्रमश: 0/49, 1/50, 0/40, 0/41 के आंकड़े दर्ज किए हैं।

इस तरह उन्होंने कुल 16 ओवर गेंदबाजी की है, जिसमें 11.25 की इकॉनमी से कुल 180 रन लुटाए हैं और केवल एक विकेट लेने में सफल रहे हैं।

अश्विन का मानना है कि चयनकर्ता अब श्रीलंका सीरीज के लिए भुवनेश्वर की जगह अन्य युवाओं या मोहम्मद शमी की वापसी पर विचार कर सकते हैं।

ADVERTISEMENT