क्या भुवनेश्वर कुमार की होगी वनडे टीम में वापसी? रविचंद्रन अश्विन ने दिया अहम सुझाव
क्या है खबर?
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के चयनकर्ताओं से वनडे विश्व कप 2027 के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पर विचार करने का सुझाव दिया है। उन्होंने भारत के मौजूदा गेंदबाजी आक्रमण में अनुभव की कमी को उजागर किया और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भुवनेश्वर के शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा की। भुवनेश्वर ने 2 IPL संस्करण में 45 विकेट चटकाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार 2 खिताब जीतने में मदद की है।
सुझाव
भुवनेश्वर को देना चाहिए एक मौका- अश्विन
अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने भुवनेश्वर को राष्ट्रीय टीम में शामिल करने की वकालत की।
उन्होंने कहा, "क्यों नहीं? फिलहाल हमारी तेज गेंदबाजी की जो स्थिति है, उसमें कुछ दिक्कतें तो हैं ही।"
उन्होंने RCB के साथ 2 IPL संस्करण में भुवनेश्वर की फिटनेस और निरंतरता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा, "वह काफी फिट हैं। मैं यह नहीं कह रहा कि उन्हें तुरंत टीम में शामिल कर लें, लेकिन उन्हें एक मौका दें और फिर फैसला करें।"
अनुभव
अनुभव बनाम उत्साह की बहस
अश्विन ने भारत के मौजूदा तेज गेंदबाजी आक्रमण के अनुभव पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह युवा खिलाड़ियों के जोश के बजाय भुवनेश्वर की अनुभवी विश्वसनीयता को प्राथमिकता देंगे।
उन्होंने कहा, "गेंदबाजी आक्रमण के विशुद्ध अनुभवहीन होने के कारण, आप उसे विकल्प के रूप में रख सकते हैं।"
पूर्व क्रिकेटर ने इस बात पर भी जोर दिया कि एक टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण होना ही चाहिए।
प्रतिस्पर्धा
विश्व कप से पहले 4-5 तेज गेंदबाजों की पहचान पर जोर
अश्विन ने युवा तेज गेंदबाजों की मौजूदा पीढ़ी के बारे में अपनी आशंकाएं व्यक्त करते हुए कहा, "अभी 12 महीने शेष रहते हुए खिलाड़ियों को विकसित करने का समय नहीं है।"
उन्होंने विश्व कप टीम के लिए 4 या 5 तेज गेंदबाजों की पहचान करने के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, "आपको भुवनेश्वर जैसे किसी व्यक्ति को भी चर्चा में शामिल करना चाहिए। वह विश्व कप अभियान में भारत की गेंदबाजी को मजबूती दे सकते हैं।"
करियर
कैसा रहा है भुवनेश्वर का अंतरराष्ट्रीय करियर?
गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने के लिए मशहूर भुवनेश्वर ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2022 में न्यूजीलैंड में खेली गई टी-20 सीरीज के दौरान खेला था।
उनका आखिरी वनडे मैच उसी साल की शुरुआत में हुआ था।
दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज का करियर चोटों से प्रभावित रहा है, लेकिन उन्होंने भारत के लिए 121 वनडे, 87 टी-20 अंतरराष्ट्रीय और 21 टेस्ट मैच खेले हैं।
उन्होंने वनडे में 35.11 के औसत से 141 विकेट चटकाए हैं।