टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शिकार करने वाले विकेटकीपर
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच खेला गया पहला टी-20 मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। चेस्टर-ली-स्ट्रीट में हुए मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 189/7 का स्कोर बनाया था और इसके बाद बारिश के कारण मैच रद्द हो गया। भारत की पारी के दौरान जोस बटलर ने अहम उपलब्धि हासिल की। दरअसल, उन्होंने विकेटकीपर के तौर पर अपने 100 शिकार किए। इस बीच बतौर विकेटकीपर 100 शिकार करने वाले खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।
#1
क्विंटन डिकॉक (117)
दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक ऐसा करने वाले पहले विकेटकीपर बने थे। उन्होंने प्रोटियाज टीम से विकेटकीपर के तौर पर 109 टी-20 मैच खेले, जिसमें 98 कैच पकड़े हैं और 19 स्टंपिंग की है। वह इस प्रारूप में 100 कैच पकड़ने वाले पहले विकेटकीपर बनने के करीब हैं। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 109 पारियों में 30.95 की औसत और 142.23 की स्ट्राइक रेट के साथ 3,095 रन बनाए हैं।
#2
जोस बटलर (100)
बटलर ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बने हैं। वह अब तक 128 मैचों में विकेटकीपर के तौर पर खेले हैं, जिसमें उन्होंने 80 कैच पकड़े हैं और 20 में स्टंपिंग की है। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 156 मैच खेले हैं, जिसमें 33.64 की औसत और 147.76 की स्ट्राइक रेट से 4,037 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 28 अर्धशतक लगाए हैं।
#3
इन विकेटकीपर ने किए हैं 90+ शिकार
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरे सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी हैं। पूर्व भारतीय कप्तान ने 98 टी-20 मैचों में विकेटकीपिंग की थी, जिसमें कुल 91 शिकार किए थे। उन्होंने 57 कैच और 34 स्टंपिंग की थी। उन्होंने 1 मैच में 5 कैच पकड़ने का कारनामा किया था। केन्या के विकेटकीपर इरफान करीम ने 90 शिकार किए हैं, जिसमें 64 कैच और 26 स्टंप शामिल हैं।