LOADING...
जिम्बाब्वे बनाम दक्षिण अफ्रीका: वियान मुल्डर ने कप्तानी करते हुए लगाया तिहरा शतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स
वियान मुल्डर ने जड़ा तिहरा शतक (तस्वीर: एक्स/@ProteasMenCSA)

जिम्बाब्वे बनाम दक्षिण अफ्रीका: वियान मुल्डर ने कप्तानी करते हुए लगाया तिहरा शतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स

Jul 07, 2025
05:42 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम की कप्तानी कर रहे वियान मुल्डर ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट की अपनी पहली पारी में तिहरा शतक (367*) लगाया है। वह कप्तानी में डेब्यू करते हुए तिहरा शतक लगाने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बने हैं। इसके साथ-साथ वह दक्षिण अफ्रीकी टीम से टेस्ट में तिहरा शतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज भी बने हैं। आइए उनके द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।

पारी 

अविश्वसनीय रही मुल्डर की पारी 

दक्षिण अफ्रीका ने जब अपनी पहली पारी में सिर्फ 11 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब मुल्डर क्रीज पर आए। बुलवायो में उन्होंने कप्तानी पारी खेलते हुए 116 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने दूसरे दिन के पहले सत्र में अपना तिहरा शतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने ल्हुआन-ड्रे प्रीटोरियस (78) के साथ 217 रन की साझेदारी की। वह 334 गेंदों में 367 रन बनाकर नाबाद रहे।

शतक 

ब्रायन लारा का विश्व रिकॉर्ड अब भी बरकरार 

दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पारी 626/5 के स्कोर पर घोषित कर दी। पारी की घोषणा के समय भी मुल्डर क्रीज पर नाबाद थे। ऐसे में उनके पास टेस्ट में सर्वोच्च स्कोर बनाने का मौका था। बता दें कि सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड ब्रायन लारा (400* रन बनाम इंग्लैंड, 2004) के नाम पर दर्ज है। मुल्डर अब लारा (400* और 375 रन), मैथ्यू हेडन (380) और महेला जयवर्धने (374) के बाद सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर वाले बल्लेबाज हैं।

शतक 

कप्तानी डेब्यू में तिहरा शतक जड़ने वाले विश्व के पहले खिलाड़ी 

मुल्डर इस मुकाबले में अपनी कप्तानी का भी डेब्यू कर रहे हैं। दरअसल, तेम्बा बावुमा की गैरमौजूदगी में केशव महाराज को इस सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया था। महाराज पहले टेस्ट में चोटिल हुए और मुल्डर को कप्तानी मिली थी। मुल्डर कप्तानी डेब्यू में तिहरा शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले ग्राहम डाउलिंग (239 रन बनाम भारत, 1968) और शिवनारायण चंद्रपॉल (203* रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2005) दोहरा शतक जड़ चुके हैं।

रिकॉर्ड 

दूसरा सबसे तेज तिहरा शतक 

मुल्डर अब गेंदों के लिहाज से दूसरे सबसे तेज तिहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने 297 गेंदों में यह कीर्तिमान हासिल किया है। बता दें कि सबसे तेज तिहरा शतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग (278 गेंद, बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2007-08) के नाम पर दर्ज है। इस सूची में तीसरे स्थान पर हैरी ब्रूक हैं, जो 310 गेंदों में पाकिस्तान के खिलाफ (2024-25) तिहरा शतक लगा चुके हैं।

अन्य रिकॉर्ड्स 

मुल्डर ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स 

मुल्डर दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी करते हुए सर्वोच्च पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में ग्रीम स्मिथ का पिछला रिकॉर्ड (277 बनाम इंग्लैंड, 2003) तोड़ा है। वह हाशिम अमला के बाद प्रोटियाज टीम से तिहरा शतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं। बता दें कि अमला ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 2012 में ओवल के मैदान पर नाबाद 311 (ओवल) रन बनाए थे।

करियर 

मुल्डर ने पूरे किए अपने 1,000 टेस्ट रन 

मुल्डर ने 2019 में अपने टेस्ट करियर का आगाज श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था। उन्होंने 21 टेस्ट की 34 पारियों में 1,050 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 3 शतक के अलावा 1 अर्धशतक लगाया है। दिलचस्प रूप से उन्होंने सीरीज के पहले टेस्ट में भी शतक जड़ा था। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 25.60 की औसत के साथ 35 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/32 का रहा है।