LOADING...
जिम्बाब्वे दौरे से क्यों बाहर हुए संजू सैमसन? सामने आई बड़ी वजह
संजू सैमसन जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम का हिस्सा नहीं हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

जिम्बाब्वे दौरे से क्यों बाहर हुए संजू सैमसन? सामने आई बड़ी वजह

Jul 07, 2026
08:07 pm

क्या है खबर?

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए संजू सैमसन का चयन नहीं होने से काफी चर्चा है। इंग्लैंड के खिलाफ चल रही सीरीज के दूसरे मैच में भी सैमसन प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घोषित 15 सदस्यीय टीम से टी-20 विश्व कप के 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे सैमसन को बाहर रखने पर कोई आधिकारिक सफाई नहीं दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फैसला टीम की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है।

योजना

2028 टी-20 विश्व कप को ध्यान में रखकर बनाई गई योजना 

क्रिकबज के मुताबिक, चयनकर्ता और टीम प्रबंधन ने 2028 टी-20 विश्व कप को ध्यान में रखकर अभी से योजना बनानी शुरू कर दी है। इसी रणनीति के तहत सैमसन की जगह प्रभसिमरन सिंह को मौका दिया गया है। जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज का उद्देश्य नए खिलाड़ियों को परखना है। एक सूत्र ने कहा, "नए खिलाड़ियों को आजमाने का इससे बेहतर मौका और कब मिलेगा?" बोर्ड ने चयन के पीछे की सोच से सैमसन को भी अवगत करा दिया है।

हिस्सा

सैमसन अभी भी चयनकर्ताओं की योजना का हिस्सा  

रिपोर्ट के अनुसार, सैमसन अब भी चयनकर्ताओं की योजना का हिस्सा हैं और टीम से बाहर किया जाना सिर्फ अस्थायी फैसला है। वह एशियाई खेल के लिए भारतीय टीम में बने हुए हैं और उन्हें वापस बुलाने की कोई योजना नहीं है। जिम्बाब्वे जाने वाली टीम में सिर्फ सैमसन के अलावा अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा को भी जगह नहीं मिली है। चयनकर्ता 2028 टी-20 विश्व कप की तैयारी कर रहे हैं।

Advertisement

फॉर्म

हालिया खराब फॉर्म के बावजूद सैमसन पर भरोसा बरकरार 

सैमसन आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर 3 टी-20 मैचों में बड़ी पारियां नहीं खेल सके, लेकिन टीम प्रबंधन का उन पर भरोसा बरकरार है। इस बीच ऐसी चर्चा भी है कि उन्होंने मैनचेस्टर टी-20 से खुद बाहर बैठने की इच्छा जताई थी, ताकि वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में मौका मिल सके। ओल्ड ट्रैफर्ड में दूसरे टी-20 मुकाबले से पहले टीवी कैमरों में सैमसन गौतम गंभीर के साथ चर्चा में शामिल नजर आए थे, जिससे इस अटकल को बल मिला।

Advertisement

टीम

जिम्बाब्वे दौरे और एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम

जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)। एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी और जसप्रीत बुमराह।

Advertisement