जानिए क्यों रविचंद्रन अश्विन ने सचिन तेंदुलकर को विराट कोहली से आगे रखा
क्या है खबर?
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने विराट कोहली और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बीच होने वाली तुलना को खारिज किया है। कोहली की शानदार बल्लेबाजी शैली और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के कारण अक्सर उनकी तुलना सचिन से की जाती है। हालांकि, अश्विन का मानना है कि दोनों खिलाड़ियों को एक ही स्तर पर रखना सही नहीं है। तेंदुलकर को महानतम बल्लेबाजों में गिना जाता है, जबकि कोहली ने भी अपने प्रदर्शन से विश्व क्रिकेट में अलग पहचान बनाई है।
आगे
क्यों अश्विन ने तेंदुलकर को कोहली के आगे रखा?
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि वह हमेशा तेंदुलकर को 2 कारणों से कोहली से आगे रखेंगे।
उन्होंने कहा, "पहला कारण यह है कि मैं तेंदुलकर का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। जिस तरह उन्होंने बल्लेबाजी की, उनके करियर की परिस्थितियां और भारतीय क्रिकेट की उनसे जुड़ी उम्मीदें अलग थीं। इसमें कोहली की कोई गलती नहीं है। अगर कोहली किसी भी दौर में भारत के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते तो वह चैंपियन खिलाड़ी होते।"
नियम
उस दौर के नियम अलग थे- अश्विन
अश्विन ने कहा कि खिलाड़ियों की तुलना करते समय उस दौर के नियम और परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना चाहिए।
उन्होंने कहा, "पहले वनडे में देख लीजिए, वेस्टइंडीज की पहली पारी में 34 ओवर के बाद गेंद बदलनी पड़ी। दिन के उजाले में गेंद पूरी तरह पुरानी हो चुकी थी। तेंदुलकर ने अपने करियर में दिन के समय काफी 50 ओवर के मैच खेले हैं। मेरे हिसाब से अलग-अलग पीढ़ियों के खिलाड़ियों की तुलना करना बिल्कुल सही नहीं है।"
रिश्ता
100 शतकों का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद दोनों को एक ही स्तर पर रखूंगा- अश्विन
अश्विन ने आगे कहा कि पिछले 5-6 या फिर 7 सालों में कोहली के साथ उनका रिश्ता पहले से बेहतर हुआ है।
तेंदुलकर के 100 शतकों के रिकॉर्ड तोड़ने पर पूर्व स्पिन गेंदबाज ने कहा कि अगर कोहली ऐसा करते हैं तो वह उनके सम्मान में सिर झुका देंगे, क्योंकि यह बेहद शानदार उपलब्धि होगी।
इसके बाद वह दोनों की तुलना करते समय बिना किसी संदेह के दोनों को एक ही स्तर पर रखेंगे।
रिकॉर्ड
क्यों चर्चा में है तेंदुलकर और कोहली की तुलना?
कोहली ने 2023 वनडे विश्व कप के दौरान तेंदुलकर का वनडे में सर्वाधिक शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया था।
अब उनकी नजर सचिन के एक और बड़े रिकॉर्ड पर है। तेंदुलकर के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक दर्ज हैं, जबकि कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में अपना 86वां अंतरराष्ट्रीय शतक जड़कर इस रिकॉर्ड के और करीब पहुंच गए।
कोहली के इस शतक के बाद एक बार फिर उनकी और तेंदुलकर की तुलना ने जोर पकड़ लिया है।