IPL 2026: कौन हैं SRH के साकिब हुसैन, जिन्होंने डेब्यू करते हुए गेंदबाजी में बनाया रिकॉर्ड?
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 21वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 57 रन से हराया। SRH की इस जीत में साकिब हुसैन की अहम भूमिका रही। इस तेज गेंदबाज ने डेब्यू करते हुए 4 विकेट लिए। उनके अलावा प्रफुल हिंगे ने भी अपने डेब्यू मैच में 4 सफलताएं हासिल की। हैदराबाद में हुए मैच में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले साकिब के सफर के बारे में जानते हैं।
गेंदबाजी
शानदार रही साकिब की गेंदबाजी
RR के खिलाफ मैच में साकिब सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 4 ओवर में 24 रन देते हुए 4 विकेट चटकाए। उन्होंने यशस्वी जायसवाल (1) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने डोनोवन फरेरा (69), जोफ्रा आर्चर (2) और रवि बिश्नोई (0) को पवेलियन की राह दिखाई। साकिब ने अपनी तेज गति के साथ-साथ स्लोवर वन से भी प्रभावित किया। उन्होंने डेथ ओवर्स में भी किफायती गेंदबाजी की।
जानकारी
साकिब ने IPL इतिहास में दर्ज कराया अपना नाम
साकिब अब IPL डेब्यू में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले (संयुक्त रूप से) भारतीय गेंदबाज बने। उन्होंने अश्वनी कुमार के रिकॉर्ड की बराबरी की। बता दें कि MI के अश्विनी ने 2025 में डेब्यू करते हुए 24 रन देकर 4 विकेट (बनाम KKR) चटकाए थे।
नीलामी
SRH ने 30 लाख रुपये में साकिब को खरीदा था
IPL 2026 की छोटी नीलामी में SRH ने साकिब को 30 लाख रुपये में खरीदा था। इससे पहले उन्हें 2024 सीजन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने चुना था। लेकिन उन्हें बेंच पर ही बैठना पड़ा और अगले सीजन से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया था। बता दें कि IPL 2024 में KKR के पास हर्षित राणा और वैभव अरोड़ा के रूप में 2 भारतीय तेज गेंदबाज मौजूद थे, जो अब भी टीम का हिस्सा हैं।
परिचय
घरेलू क्रिकेट में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हैं साकिब
बिहार के रहने वाले साकिब का जन्म 14 दिसंबर, 2004 को हुआ था। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2022-23 में आंध्र प्रदेश के खिलाफ बिहार की ओर से अपना टी-20 डेब्यू किया था। अपने युवा टी-20 करियर में उन्होंने 13 मैचों में 26.21 की औसत से 14 विकेट लिए हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2024-25 से अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी। अब तक उन्होंने 6 प्रथम श्रेणी मैचों में 30.75 की औसत से 16 विकेट लिए हैं।