भारत के खिलाफ इंग्लैंड की वनडे टीम में पहली बार चुने गए जेम्स कोल्स कौन हैं?
क्या है खबर?
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली जाने वाली आगामी 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। ECB ने इस वनडे सीरीज के लिए ससेक्स के ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार वनडे में शामिल किया है।घरेलू क्रिकेट में ये खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा था। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
बल्लेबाज
बल्लेबाज के तौर पर ऐसे हैं कोल्स के आंकड़े
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कोल्स ने 58 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 97 पारियों में 8 बार नाबाद रहते हुए 38.66 की औसत से 3,441 रन बनाए हैं। उनके नाम 9 शतक और 13 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि नाबाद 224 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है। वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट में कोल्स ने 24 मुकाबलों की 20 पारियों में 26.56 की औसत से 425 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं।
गेंदबाज
गेंदबाज के तौर पर ऐसे हैं कोल्स के आंकड़े
कोल्स ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 58 मैचों की 84 पारियों में 74 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 बार 4 विकेट और एक बार 5 विकेट हॉल लिया है। लिस्ट-ए क्रिकेट में उन्होंने 24 मैचों की 23 पारियों में 32.07 की औसत से 26 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/23 का रहा है। कोल्स ने 2021 में लिस्ट-ए क्रिकेट में पदार्पण किया था, जबकि उनका प्रथम श्रेणी डेब्यू 2020 में हुआ था।
रिकॉर्ड
कोल्स ने 16 साल में किया था प्रथम श्रेणी डेब्यू
कोल्स ने 16 साल और 157 दिन की उम्र में ससेक्स के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके साथ ही वह क्लब के इतिहास में सबसे कम उम्र में प्रथम श्रेणी मैच खेलने वाले खिलाड़ी बने थे। उन्हें द ओवल में सरे के खिलाफ बॉब विलिस ट्रॉफी मुकाबले में मौका मिला था। साल 2025 में उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन-1 में ससेक्स की वापसी के दौरान बल्लेबाजी में अहम भूमिका निभाई और 4 शतक लगाए थे।
टीम
भारत के खिलाफ सीरीज के लिए ऐसी है इंग्लैंड की टीम
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, जो रूट और जोश टोंग। 14 जुलाई को पहला मुकाबला बर्मिंघम में खेला जाएगा। उसके बाद दूसरा वनडे 16 जुलाई को कार्डिफ और तीसरा मुकाबला 19 जुलाई को लंदन के प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा।