न्यूजीलैंड को इंग्लैंड की सरजमीं पर कब-कब टेस्ट सीरीज जीतने में मिली है सफलता?
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड की सरजमीं पर ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत हासिल की। ट्रेंट ब्रिज में खेले गए सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 160 रनों के विशाल अंतर से हराया। इससे न्यूजीलैंड ने न केवल 2-1 सीरीज जीती, बल्कि 5 साल बाद इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पहली जीत भी दर्ज की। ऐसे में आइए जानते हैं कि न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड की धरती पर कब-कब टेस्ट सीरीज जीती हैं।
#1
न्यूजीलैंड ने 1986 में 1-0 से जीती थी पहली सीरीज
न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड में अपनी पहली टेस्ट सीरीज 1986 के दौरे पर दर्ज की थी। उस सीरीज में 3 मुकाबले खेले गए थे। पहला मुकाबला लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था, जो ड्रॉ रहा था। दूसरा मैच ट्रेंट ब्रिज में खेला गया, जहां कीवी टीम ने 8 विकेट से जीत हासिल कर बढ़त हासिल की थी। उसके बाद ओवल में खेला गया आखिरी मैच भी ड्रॉ रहा, जिसके परिणामस्वरूप इंग्लिश टीम को ऐतिहासिक सीरीज हार का सामना करना पड़ा।
#2
न्यूजीलैंड ने 1999 में 2-1 से दर्ज की थी जीत
न्यूजीलैंड की इंग्लैंड दूसरी सीरीज जीत 1999 में आई थी। न्यूजीलैंड ने बर्मिंघम में पहले टेस्ट में 7 विकेट से हारने के बाद 2-1 से जीत हासिल की थी। लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट में कीवी टीम ने 9 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज बराबर की थी। मैनचेस्टर में खेला गया तीसरा मैच ड्रॉ रहा, जिसके बाद चौथा मैच निर्णायक साबित हुआ। ओवल में हुए इस मैच में न्यूजीलैंड का दबदबा रहा और उसने 83 रनों से जीत दर्ज की।
#3
न्यूजीलैंड ने साल 2021 में 1-0 से दर्ज की जीत
न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड अपनी तीसरी टेस्ट सीरीज जीत 2021 में दर्ज की थी। उस सीरीज में 2 मुकाबले खेले गए थे। पहला मैच लॉर्ड्स में खेला गया था, जो बारिश से बाधित रहा था। उसमें डेवोन कॉनवे ने दोहरा शतक जड़ा था, लेकिन मैच ड्रॉ पर समाप्त हो गया। हालांकि, बर्मिंघम में खेले गए दूसरे और अंतिम मैच में न्यूजीलैंड ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से जीत हासिल करते हुए सीरीज अपने नाम कर ली।
#4
न्यूजीलैंड ने 2026 में 2-1 से जीती सीरीज
इस साल खेली गई सीरीज न्यूजीलैंड की इंग्लैंड में चौथी सीरीज जीत है। कीवी टीम को लॉर्ड्स में पहले टेस्ट में 115 रनों से हार मिली थी। इसके बाद केन विलियमसन ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि, कीवी टीम ने ओवल में खेले गए दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 253 रनों से जीत हासिल की। कई प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के बावजूद न्यूजीलैंड ने निर्णायक मैच में भी 160 रनों से जीत दर्ज की।