फीफा विश्व कप में इंग्लैंड को कब-कब सेमीफाइनल मैचों में मिली शिकस्त?
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 में हैरी केन की अगुआई वाली इंग्लैंड फुटबॉल टीम का सफर समाप्त हो चुका है। अटलांटा स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मैच में अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने इंग्लिश टीम को 2-1 से हराया। इसके साथ इंग्लैंड का दूसरा खिताब जीतने का सपना टूट गया। इस बीच फीफा विश्व कप के इतिहास में उन संस्करणों के बारे में जानते हैं, जिनमें इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में हारी है।
#1
1990 में वेस्ट जर्मनी के खिलाफ हारी इंग्लैंड
1990 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को वेस्ट जर्मनी के खिलाफ हार मिली थी। उस मैच में निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 से बराबर रहा था।
इसके बाद फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जहां पश्चिम जर्मनी ने 4-3 से जीत दर्ज की थी।
उस संस्करण में इंग्लैंड से सर्वाधिक गोल गैरी लिनेकर (4) ने किए थे।
इस हार के बाद इंग्लैंड तीसरे स्थान के मुकाबले में इटली से 1-2 से हार गया और टूर्नामेंट चौथे स्थान पर समाप्त किया।
#2
2018 में क्रोएशिया से मिली हार
2018 के सेमीफाइनल में क्रोएशिया ने इंग्लैंड को 2-1 से हराया था।
मुकाबले में कीरन ट्रिपियर ने गोल करके इंग्लैंड को बढ़त दिलाई थी। दूसरे हाफ में इवान पेरिसिच ने गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया था।
निर्धारित 90 मिनट तक बराबरी के बाद मैच अतिरिक्त समय में गया।
मैच के 109वें मिनट में मारियो मांद्जुकिज ने गोल दागकर क्रोएशिया को 2-1 से जीत दिलाई।
इस जीत के साथ क्रोएशिया ने पहली बार विश्व कप फाइनल में जगह बनाई थी।
#3
2026 में अर्जेंटीना की चुनौती को पार नहीं कर सकी इंग्लिश टीम
सेमीफाइनल मैच में अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने इंग्लैंड फुटबॉल टीम को 2-1 से हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
अटलांटा स्टेडियम में अर्जेंटीना की ओर से एंजो फर्नांडीज और लाउटारो मार्टिनेज ने 1-1 गोल किए। भले ही लियोनल मेसी ने इस मैच में गोल नहीं किया हो, लेकिन उन्होंने दोनों मौकों पर असिस्ट किया।
इंग्लैंड की ओर से एंथनी गॉर्डन ने इकलौता गोल किया। टीम के स्टार खिलाड़ी हैरी केन कोई गोल नहीं कर सके।
खिताब
अब तक 1 सेमीफाइनल जीतने में सफल रही है इंग्लैंड
फीफा विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड की टीम अब तक सिर्फ 1 सेमीफाइनल जीतने में सफल हुई है। 1966 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने पुर्तगाल को 2-1 से हराया था।
मैच में इंग्लैंड के स्टार मिडफील्डर बॉबी चार्लटन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30वें और 79वें मिनट में 2 गोल किए थे।
इसके बाद फाइनल में इंग्लैंड ने वेस्ट जर्मनी को 4-2 से हराया। यह इंग्लैंड का इकलौता विश्व कप खिताब है।