हार्दिक पांड्या और शुभमन गिल की कप्तानी में क्या है अंतर? आशीष नेहरा ने किया खुलासा
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गुजरात टाइटंस (GT) के मुख्य कोच आशीष नेहरा ने भारतीय क्रिकेट के दो प्रमुख कप्तानों शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या की कप्तानी शैली के बीच के अंतर पर बड़ा खुलासा किया है। नेहरा का यह विश्लेषण महत्वपूर्ण है क्योंकि पांड्या के मुंबई इंडियंस (MI) में वापस जाने के बाद गिल ने GT की कमान संभाली है। पांड्या की कप्तानी में GT ने साल 2022 में खिताब जीता था और 2023 में टीम उपविजेता रही थी।
अंतर
गिल और पांड्या उत्तरी और दक्षिणी ध्रुव की तरह अलग- नेहरा
नेहरा ने PTI से गिल और पांड़या को लेकर कहा, "आप उत्तरी ध्रुव और दक्षिणी ध्रुव की बात कर रहे हैं। दोनों बहुत अलग हैं। दोनों में से कोई भी पहले से अनुभवी कप्तान नहीं था, लेकिन जिम्मेदारी मिलने के बाद मैदान पर काम करते हुए ही कप्तानी सीखी है।"
उन्होंने कहा कि गिल के नेतृत्व कौशल में तेजी से सुधार हो रहा है। यही वजह है कि भारत की टेस्ट और वनडे टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
रवैया
गिल और पांड्या के सीखने के रवैये पर क्या बोले नेहरा?
नेहरा ने GT के सफल दौर में पांड्या के खुलेपन और भरोसे पर कहा, "एक बात बिल्कुल तय है कि पांड्या ने मुझ पर पूरा भरोसा दिखाया, जो कि हमारे बीच की सबसे बेहतरीन और मुकम्मल चीज थी। यदि कुछ सही नहीं भी होता था, तो पांड्या हमेशा आगे आकर सवाल पूछते थे और सलाह लेते थे।"
उन्होंने गिल को थोड़ा आरक्षित स्वभाव का बताया, लेकिन साथ ही यह भी माना कि वह सीखने के लिए हमेशा उत्सुक रहते हैं।
निर्णय
गिल अभी सीखने की प्रक्रिया में हैं- नेहरा
नेहरा ने स्वीकार किया कि गिल एक कप्तान के रूप में अभी लगातार खुद को बेहतर बना रहे हैं और उनके पास एक लंबा सफर है।
उन्होंने कहा, "बेशक, गिल अभी कप्तानी में 'वर्क इन प्रोग्रेस' (सीखने की प्रक्रिया में) हैं। वह अभी केवल 26-27 साल के युवा हैं और ऐसा नहीं है कि वे पिछले कई सालों से कप्तानी की बागडोर संभाल रहे हैं।"
नेहरा ने माना कि समय के साथ अनुभव मिलने पर गिल एक बेहतरीन कप्तान होंगे।
आंकड़े
कैसे हैं गिल और पांड्या की कप्तानी के आंकड़े?
दोनों कप्तानों के IPL रिकॉर्ड में भी उनकी शैलियों का असर साफ दिखता है।
पांड्या को IPL में बतौर कप्तान 37 जीत और 33 हार मिली हैं। उनकी 22 जीत GT के साथ 31 मैचों में आई, जबकि MI में वापस लौटने के बाद उनके आंकड़े नीचे गिरे हैं।
गिल के नेतृत्व में GT ने अब तक खेले 43 मैचों में से 24 में जीत दर्ज की है, जबकि 19 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।