वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर क्या बोले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर?
क्या है खबर?
भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर फिलहाल अपने पत्ते नहीं खोले हैं। सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत की वापसी के बाद से ही 15 वर्षीय इस युवा बल्लेबाज के खेलने को लेकर चर्चाएं तेज हैं। वैभव ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम में पहली बार जगह बनाई थी। हालांकि, उन्हें आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में मौका नहीं मिला।
बयान
वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर?
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर वैभव सूर्यवंशी के संभावित डेब्यू को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर भारतीय कप्तान ने कहा कि टीम संयोजन को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता, क्योंकि इससे विपक्षी टीम को भी जानकारी मिल जाएगी। हालांकि, श्रेयस ने वैभव की जमकर तारीफ की और उन्हें शानदार प्रतिभा वाला खिलाड़ी बताया। उन्होंने भरोसा जताया कि मौका मिलने पर युवा बल्लेबाज खुद को साबित करेगा।
डेब्यू
वैभव को डेब्यू कराने की मांग हो रही है तेज
आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में भारत की 2-0 की अप्रत्याशित हार के बाद वैभव को टीम में शामिल करने की मांग और तेज हो गई है। पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर भी उन लोगों में शामिल हैं, जो इस युवा बल्लेबाज को मौका देने की वकालत कर रहे हैं। हालांकि, वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह दिलाना आसान नहीं होगा, क्योंकि इसके लिए अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और संजू सैमसन में से किसी एक को बाहर बैठाना पड़ेगा।
कोच
भारतीय कोच ने वैभव को लेकर कही थी ये बात
भारत के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने माना था कि वैभव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया था कि युवा बल्लेबाज को अपने मौके के लिए इंतजार करना होगा, क्योंकि भारतीय टीम फिलहाल अपने स्थापित क्रम के साथ आगे बढ़ रही है। बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने IPL के लगातार 2 शानदार सत्रों के दम पर खुद को देश की सबसे उभरती प्रतिभाओं में शामिल कर लिया है।
इतिहास
वैभव रच सकते हैं इतिहास
15 साल और 95 दिन के वैभव भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने के करीब हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 16 साल और 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ कराची टेस्ट में डेब्यू किया था। उन्होंने 16 साल और 238 दिन की उम्र में वनडे डेब्यू भी किया। टी-20 में सबसे युवा डेब्यू करने वाले खिलाड़ी वाशिंगटन सुंदर हैं, जिन्होंने 18 साल और 80 दिन की उम्र में पहला मैच खेला था।