श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले गौतम गंभीर ने भारतीय टीम से क्या कहा?
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों को हर चुनौती के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रहने की सलाह दी है। यह सीरीज भारत के लिए काफी अहम है, क्योंकि टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है। गंभीर ने जोर दिया कि आने वाले दिनों में की गई बेहतर तैयारी ही तय करेगी कि हम कितना प्रभावी प्रदर्शन करते हैं।
बयान
गंभीर ने क्या कहा?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा साझा किए गए वीडियो में गंभीर ने कहा कि उन्हें पता है कि उनके सामने क्या चुनौती है और वे किस लक्ष्य के लिए खेल रहे हैं।
टीम को क्षमता के अनुसार मेहनत करनी होगी, सीमाओं को आगे बढ़ाना होगा और हर पहलू पर खरा उतरना होगा।
उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक खिलाड़ियों को ऐसे ढालना होगा कि आने वाले हर सवाल का जवाब देने के लिए वे पूरी तरह तैयार रहें।
मैच
7 अगस्त से होना है अभ्यास मैच
7 अगस्त से श्रीलंका इलेवन के खिलाफ होने वाला अभ्यास मैच भारत के लिए काफी अहम है, खासकर हाल में मजबूत स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ टीम की परेशानियों को देखते हुए।
कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल समेत कई खिलाड़ियों ने श्रीलंका पहुंचने से पहले ही स्पिन के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी पर काम शुरू कर दिया है।
3 दिन का यह मुकाबला भारतीय खिलाड़ियों को स्थानीय परिस्थितियों को समझने और उनके अनुसार खुद को ढालने का मौका देगा।
स्वागत
गंभीर ने नए खिलाड़ियों का किया स्वागत
गंभीर ने टीम में शामिल नए खिलाड़ी सारांश जैन और आकिब नबी के साथ फील्डिंग कोच सुभदीप घोष का स्वागत किया।
उन्होंने सारांश को उनकी कड़ी मेहनत के लिए बधाई दी और कहा कि जब भी उन्हें मौका मिले, वह अपने परिवार और देश को गौरवान्वित करने का प्रयास करें।
वहीं, आकिब की तारीफ करते हुए गंभीर ने कहा कि उन्होंने पिछले सीजन शानदार प्रदर्शन किया और जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई, जो बड़ी उपलब्धि है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें गंभीर का पूरा वीडियो
The focus shifts to Test Cricket 🏏
— BCCI (@BCCI) August 6, 2026
Welcoming new additions to the squad as #TeamIndia begin the preparations in Colombo 🏟️
WATCH 🎥🔽 #SLvIND https://t.co/Q2IvHhneDA