वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका: जायडेन सील्स ने पूरे किए 100 टेस्ट विकेट, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जायडेन सील्स ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन शानदार गेंदबाजी करते हुए एक विकेट अपने नाम किया। इसके साथ ही उनके नाम खास उपलब्धि दर्ज हो गई। उनके टेस्ट क्रिकेट में 100 विकेट पूरे हो गए हैं। उन्होंने विपक्षी कप्तान धनंजय डी सिल्वा (33) को आउट कर यह उपलब्धि हासिल की। आइए उनकी गेंदबाजी और टेस्ट क्रिकेट के आंकड़ों पर नजर डाल लेते हैं।
करियर
कैसा रहा है सील्स का टेस्ट करियर?
सील्स ने जून 2021 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। वह 28 टेस्ट की 52 पारियों में 26.17 की औसत और 3.42 की इकॉनमी से 100 विकेट चटका चुके हैं। उनकी औसत कम से कम 100 टेस्ट विकेट लेने वाले वेस्टइंडीज के गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ है। केमार रोच (26.83) दूसरे पायदान पर हैं। सील्स ने इस प्रारूप में 3 बार 5 विकेट हाॅल भी लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/61 रहा है, जो उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किया था।
प्रदर्शन
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 200 से अधिक विकेट
घरेलू क्रिकेट में त्रिनिदाद और टोबैगो का प्रतिनिधित्व करने वाले सील्स ने 2026 वेस्टइंडीज चैंपियनशिप में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 200 विकेट पूरे किए। उन्होंने अब तक 58 मैचों में लगभग 25 के औसत से 201 विकेट हासिल कर लिए हैं। इसमें वह 8 बार 4 विकेट और 7 बार 5 विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज की सरजमीं पर खेले 18 टेस्ट मैचों में कुल 76 विकेट अपने नाम किए हैं।