वेस्टइंडीज बनाम पाकिस्तान: मोहम्मद अब्बास ने 7वीं बार टेस्ट क्रिकेट में लिया 5 विकेट हॉल
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन मोहम्मद अब्बास ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए। यह उनके टेस्ट करियर का 7वां और वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा 5 विकेट हॉल रहा। अब्बास की गेंदबाजी के सामने वेस्टइंडीज की दूसरी पारी महज 181 रन पर सिमट गई। ऐसे में आइए अब्बास की इस शानदार गेंदबाजी और उनके टेस्ट आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
गेंदबाजी
ऐसी रही अब्बास की गेंदबाजी
अब्बास ने 15.5 ओवर गेंदबाजी की और 6 मेडन के साथ 22 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 1.40 की रही।
इस खिलाड़ी ने ब्रेडन किंग (5), केवम हॉज (0), जस्टिन ग्रीव्स (20), केमर रोच (18) और जोमेल वॉरिकन (14) को अपना शिकार बनाया।
उनके अलावा खुर्रम शहजाद और मोहम्मद अली ने 2-2 विकेट लिए।
वहीं, आमिर जमाल ने एक सफलता हासिल की। वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को जीत के लिए 211 रन का लक्ष्य दिया।
वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐसा रहा अब्बास का प्रदर्शन
वेस्टइंडीज के खिलाफ अब्बास ने पहला टेस्ट साल 2017 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 6 मुकाबले खेले हैं और इसकी 12 पारियों में 18.24 की उम्दा औसत के साथ 29 विकेट लिए हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 8/85 का रहा है।
अपने टेस्ट करियर में इस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा विकेट वेस्टइंडीज के खिलाफ ही लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ उन्होंने 3 टेस्ट की 5 पारियों में 17 विकेट लिए हैं।
पाकिस्तान
पाकिस्तान के बाहर कमाल के हैं अब्बास के आंकडे़
पाकिस्तान के बाहर विपक्षी टीमों के मैदान पर अब्बास के आंकड़े कमाल के हैं। उन्होंने 21 टेस्ट खेले हैं और इस दौरान 37 पारियों में 23.84 की औसत से 82 विकेट चटकाए हैं।
अब्बास ने 5 बार पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया है और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/54 का रहा है।
वहीं, तटस्थ स्थानों पर उन्होंने 6 टेस्ट की 12 पारियों में 17.55 की औसत से 27 विकेट लिए हैं। यहां उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/33 का है।
करियर
अब्बास के टेस्ट करियर पर एक नजर
36 साल के अब्बास ने अपना पहला टेस्ट 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। उन्होंने 30 मुकाबले खेले हैं और इसकी 54 पारियों में 22.38 की औसत से 118 विकेट लिए हैं।
उन्होंने 7 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं और दोनों पारियों को मिलाकर एक बार 10 विकेट चटकाए हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/54 का रहा है। इस खिलाड़ी ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 219 मैच खेले हैं और 897 विकेट चटकाए हैं।