वेस्टइंडीज बनाम न्यूजीलैंड: जेडेन लेनॉक्स ने वनडे में लिया पहला 5 विकेट हॉल, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के स्पिनर जेडेन लेनॉक्स ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किया। यह उनके वनडे करियर का पहला ही 5 विकेट हॉल रहा है। उनकी बेहतरीन गेंदबाजी की मदद से कीवी टीम को दूसरे मुकाबले में 5 विकेट से जीत दर्ज करने में मदद मिली। इसके साथ ही कीवी टीम ने सीरीज में 1-1 से बराबरी भी हासिल कर ली है।
गेंदबाजी
कैसी रही लेनॉक्स की गेंदबाजी?
लेनॉक्स ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैरेबियन टीम को 86 रन के कुल स्कोर पर कप्तान शाई होप (7) के रूप में तीसरा झटका देते हुए मुकाबले में अपने विकेटों का खाता खोला।
इसके बाद भी उनकी शानदार गेंदबाजी जारी रही और उन्होंने शेरफेन रदरफोर्ड (8), गुडाकेश मोती (1), मैथ्यू फोर्ड (1) और विटेल लावेश (0) को भी अपना शिकार बनाकर पवेलियन लौटाया।
उन्होंने 8 ओवर में 19 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।
उपलब्धि
लेनॉक्स ने न्यूजीलैंड के लिए बतौर स्पिनर किया तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
बाएं हाथ के स्पिनर लेनॉक्स ने 5 विकेट हॉल के साथ खास उपलब्धि भी हासिल कर ली है।
उनका यह प्रदर्शन वनडे क्रिकेट इतिहास में किसी भी न्यूजीलैंड स्पिनर द्वारा किया गया तीसरा सबसे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।
कीवी टीम के लिए वनडे में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्पिनर ईश सोढ़ी हैं, जिन्होंने 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ 6/36 के आंकड़े दर्ज किए थे।
दूसरे नंबर पर पूर्व कप्तान डेनियल विटोरी (5/7 बनाम बांग्लादेश, 2004) हैं।
करियर
कैसा रहा है लेनॉक्स का वनडे करियर?
लेनॉक्स ने इसी साल भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 7 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें 19.71 की औसत और 4.12 की इकॉनमी से 14 विकेट झटकने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मुकाबले में आया है।
वह 68 लिस्ट-A मुकाबलों में भी 29.78 की औसत से 90 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इसमें 1 बार 5 और एक बार 4 विकेट हॉल शामिल है।
मुकाबला
मुकाबले का क्या रहा हाल?
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
वेस्टइंडीज को 63 रन पर पहला झटका लगा था, लेकिन उसके बाद पूरी टीम 36 ओवर में 138 रन तक पवेलियन लौट गई। टीम के लिए जॉन कैंपबेल (48) ने सर्वोच्च पारी खेली।
जवाब में कीवी टीम ने टॉम लैथम (37*) और विल यंग (28) की पारी से 32.4 ओवर में 5 विकेट पर 141 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।