वेन रूनी ने खत्म किया अपना प्लेइंग करियर, डर्बी के मैनेजर के रूप में नई शुरुआत

इंग्लैंड के सबसे महान फुटबॉलर्स में से एक वेन रूनी ने अपने प्लेइंग करियर को अलविदा कह दिया है। 35 साल के रूनी अब डर्बी काउंटी के मैनेजर पद पर रहेंगे और अपने मैनेजिंग करियर की शुरुआत करेंगे। रूनी ने बीते साल नवंबर में अस्थाई रूप से डर्बी के मैनेजर का पद संभाला था, लेकिन अब वह इस पद पर स्थाई रूप से बने रहना चाहते हैं। आइए एक नजर डालते हैं कैसा रहा है रूनी का प्लेइंग करियर।
बीते शुक्रवार को अपने निर्णय के बारे में बताते हुए रूनी ने कहा कि कई ऑफर्स के बावजूद उन्हें पता था कि डर्बी उनके लिए सही जगह है। उन्होंने आगे कहा, "इस क्लब में शामिल सभी लोगों और अपने फैंस को मैं यह वादा कर सकता हूं कि मैं और मेरा स्टॉफ उन चीजों को हासिल करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे जिसके झलक मैंने पिछले 12 महीनों में इस क्लब में देखी है।"
Loved every minute of my playing career but excited to get started in management with a great club in @dcfcofficial.
— Wayne Rooney (@WayneRooney) January 15, 2021
Thanks for all the messages and best wishes, appreciate them all ❤️ pic.twitter.com/zYABfF9UBx
18 साल की उम्र में रूनी एवर्टन से मैनचेस्टर यूनाइटेड चले आए थे और फिर क्लब के लेजेंड बनने के बाद एवर्टन वापस लौटे। प्रीमियर लीग में रूनी ने यूनाइटेड के लिए 183 गोल दागे थे और एक क्लब के लिए प्रीमियर लीग में सबसे ज़्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी हैं। वर्तमान समय में सर्जियो अगुएरो ने मैनचेस्टर सिटी के लिए 180 गोल दाग दिए हैं रूनी के रिकॉर्ड को तोड़ने के काफी करीब हैं।
लगभग 15 साल के इंटरनेशनल करियर में रूनी में इंग्लैंड के लिए 120 अपिएरेंस में 53 गोल दागे और सबसे ज़्यादा इंटरनेशनल गोल दागने वाले इंग्लिश फुटबॉलर हैं। 106 अपिएरेंस में 49 गोल दागने वाले बॉबी चार्ल्टन के नाम इंग्लैंड के लिए सबसे ज़्यादा गोल दागने का रिकॉर्ड 45 सालों तक था जिसे रूनी ने अपने नाम किया। वर्तमान खिलाड़ियों में 27 वर्षीय हैरी केन 32 गोल दाग चुके हैं।
एवर्टन, मैनचेस्टर यूनाइटेड, डीसी यूनाइटेड और डर्बी काउंटी के लिए खेलने वाले रूनी ने क्लब करियर में कुल 763 मुकाबले खेले और उनमें 313 गोल दागे। उन्होंने यूनाइटेड के साथ पांच प्रीमियर लीग, एक FA कप, तीन EFL कप, चार FA कम्युनिटी शील्ड, एक चैंपियन्स लीग, एक यूरोपा लीग और एक फीफा क्लब वर्ल्ड कप जीता है। वह यूनाइटेड के लिए सबसे अधिक 253 गोल दागने वाले फुटबॉलर भी हैं।