बुमराह समेत 3 भारतीय खिलाड़ियों की चोट पर आया बड़ा अपडेट, जानिए कब खेलेंगे
क्या है खबर?
जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम की और मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब दूसरे टेस्ट में वाशिंगटन सुंदर की उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं। चयनकर्ताओं ने सुंदर को सिर्फ दूसरे टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया था, क्योंकि वह हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। उनकी फिटनेस को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका दूसरे टेस्ट में खेलना मुश्किल लग रहा है।
रिपोर्ट
BCCI ने क्या कहा?
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) और भारतीय टीम प्रबंधन सुंदर को लेकर जोखिम नहीं लेना चाहते हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने कहा, "फिलहाल सुंदर के श्रीलंका जाने की संभावना कम है। टीम प्रबंधन को उसी के अनुसार योजना बना रही है। मेडिकल टीम उन्हें तुरंत टेस्ट मैच में उतारने को लेकर सतर्क है। ऐसे कुछ मामले सामने आए हैं, जब खिलाड़ी चोट से उबरने के तुरंत बाद दोबारा चोटिल हो गए।"
बयान
चोटिल होने के बाद ज्यादा नहीं खेले हैं सुंदर
BCCI सूत्र ने आगे कहा, "सुंदर को सिर्फ दूसरे टेस्ट के लिए चुना गया था। पिछले महीने चोटिल होने के बाद उन्होंने ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है और उनका कार्यभार धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है। यदि वह टीम से जुड़ते भी हैं तो वह 16वें सदस्य होंगे। अगले सप्ताह उनकी पूरी फिटनेस का आकलन किया जाएगा और यह भी देखा जाएगा कि बिना अभ्यास के उन्हें टेस्ट के लिए श्रीलंका भेजना कितना उचित होगा।"
तेज गेंदबाज
बुमराह को लेकर BCCI के सूत्र ने कही ये बात
BCCI सूत्र ने कहा कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले COE बुमराह का कार्यभार बढ़ाने पर काम कर रहा था, लेकिन माना जा रहा था कि वह समय पर तैयार नहीं हो पाएंगे।
उन्होंने लंबे प्रारूप में काफी समय से गेंदबाजी नहीं की है, इसलिए COE उनकी वापसी को लेकर बेहद सतर्क है और फिलहाल कोई समय-सीमा नहीं दी गई है।
भारतीय क्रिकेट को टेस्ट क्रिकेट में बुमराह के बिना खेलने की तैयारी शुरू करनी पड़ सकती है।
खिलाड़ी
आकाश दीप अभी पूरी तरह से नहीं हैं फिट
BCCI सूत्र ने आकाश दीप को लेकर भी जानकारी दी। उनके अनुसार श्रीलंका दौरे तक आकाश दीप को पूरी तरह फिट करने का लक्ष्य था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
टीम प्रबंधन और चयन समिति को उनकी वापसी की कोई तय समयसीमा नहीं बताई है।
पीठ की चोट से वापसी आसान नहीं होती। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वह न्यूजीलैंड दौरे तक फिट हो जाएंगे।
अगर ऐसा होता है तो यह भारतीय टीम के लिए बड़ी मजबूती होगी।