अभ्यास मैच: यशस्वी जायसवाल ने जड़ा अर्धशतक, शुभमन गिल ने भी दिखाई फॉर्म
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच के तीसरे दिन शानदार अर्धशतकीय पारी (61*) खेली। इसी तरह कप्तान शुभमन गिल ने 44 रनों की पारी खेलते हुए बेहतरीन फॉर्म के संकेत दिए हैं। दूसरी पारी में 207 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दोनों ने 15 ओवरों में 100 की सलामी साझेदारी निभाई। इसके बाद जायसवाल रिटायर हो गए।
बल्लेबाजी
कैसी रही जायसवाल की पारी और साझेदारी?
दूसरी पारी में भारतीय टीम को जायसवाल और गिल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई।
इस दौरान जायसवाल 46 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर रिटायर हो गए।
बता दें कि जायसवाल पहली पारी में 2 गेंदों में बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे। ऐसे में उनक पर दूसरी पारी में बड़ी पारी खेलने का दबाव था।
वापसी
गिल ने चोट के बाद की शानदार वापसी
अंगुली की चोट के कारण पहले दिन मैदान से दूर रहने वाले कप्तान गिल ने तीसरे दिन बल्लेबाजी करते हुए चोट से उभरने का संकते दिया।
उन्होंने जायसवाल के साथ शानदार बल्लेबाजी की और 54 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए।
गिल का बल्लेबाजी पर आना भारतीय टीम के लिए 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पहले राहत का संकेत है।
इससे पहले उनकी वापसी पर संशय बना हुआ था।
करियर
कैसे रहे हैं जायसवाल और गिल के टेस्ट करियर?
जायसवाल ने साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने 29 टेस्ट मैच खेले हैं और 54 पारियों में 48.75 की औसत के साथ 2,535 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 7 शतक और 13 अर्धशतक निकले हैं।
इसी तरह गिल ने अब तक 41 टेस्ट खेले हैं, जिसकी 74 पारियों में 43.66 की औसत के साथ 2,969 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 11 शतक और 8 अर्धशतक निकले हैं।