वॉर्म-अप मैच: भारत ने श्रीलंका इलेवन को हराया, ऐसा रहा भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन
क्या है खबर?
श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज के तैयारियों के क्रम में भारतीय क्रिकेट टीम ने वॉर्म-अप मैच में जीत दर्ज की है। श्रीलंका इलेवन के खिलाफ मैच को भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीता। 3 दिवसीय इस मुकाबले में शुभमन गिल भी आखिरकार बल्लेबाजी के लिए उतरे। बता दें कि वह चोट के कारण पहली पारी में नहीं खेल सके थे। आइए इस मैच में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती भारतीय टीम
श्रीलंका इलेवन ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 363/8 (पारी घोषित) का स्कोर बनाया।
इस बीच कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा और मानव सुथार ने 2-2 विकेट लिए।
दूसरे दिन पूरे 90 ओवर खेलकर भारत ने 357/6 के स्कोर पर पारी घोषित की, जिसमें देवदत्त पडिक्कल ने शतक (142*) लगाया।
तीसरे दिन श्रीलंका ने 200/6 के स्कोर पर पारी घोषित की और भारत ने यशस्वी जायसवाल के अर्धशतक (61) की मदद से लक्ष्य हासिल किया।
पहली पारी
भारत की पहली पारी में पडिक्कल ने लगाया शतक
कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर पडिक्कल ने पहली पारी में 164 गेंदों का सामना करते हुए 142 रन बनाए। अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 18 चौके लगाए।
उनके अलावा कप्तानी कर रहे केएल राहुल ने 40 रन बनाए।
रविंद्र जडेजा 117 गेंदों में 63 रन की पारी खेलकर रिटायर्ड हर्ट हुए।
मानव सुथार ने 41 रन की पारी खेली।
बता दें कि राहुल और पडिक्कल दूसरी पारी के दौरान बल्लेबाजी करने नहीं उतरे।
दूसरी पारी
दूसरी पारी में गिल ने भी की बल्लेबाजी
भारत की दूसरी पारी में खेलने उतरे गिल अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने 54 गेंदों का सामना करते हुए 44 रन बनाए।
वहीं, पहली पारी में अपना खाता खोलने में नाकाम रहने वाले यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में 61 रन बनाए और रिटायर्ट हर्ट हुए।
पहली पारी में 2 रन बनाने वाले ऋषभ पंत ने दूसरी पारी में 28 रन बनाए।
ध्रुव जुरेल ने मैच में 1 और 17 रन के स्कोर किए।
सिराज
सिराज ने बल्लेबाजी से ड्रॉ होता मुकाबला जिताया
भारत को मैच जीतने के लिए दिन के आखिरी ओवर में 16 रन की दरकार थी।
ऐसे में मैच के ड्रॉ होने की संभावना दिख रही थी।
इस बीच मोहम्मद सिराज ने केशरा नुवानथा के ओवर में लगातार 3 छक्के लगाते हुए जीत सुनिश्चित की।
सिराज 15 गेंदों में 32 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले गेंदबाजी में उन्होंने श्रीलंका की पहली पारी में कोई विकेट नहीं लिया था, जबकि दूसरी पारी में एक सफलता हासिल की थी।
गेंदबाजी
ऐसी रहा भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन
प्रसिद्ध कृष्णा ने श्रीलंका की पहली पारी में 32 रन पर एक विकेट लिया। दूसरी पारी में उन्होंने एक सफलता हासिल की।
जडेजा ने दोनों पारियों में 2-2 विकेट लिए।
कुलदीप यादव ने श्रीलंका की सिर्फ पहली पारी में गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिए।
स्पिनर मानव सुथार ने मैच में कुल 2 विकेट (2/33 और 0/26) लिए।
तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने मुकाबले में कुल 3 विकेट (1/49 और 2/37) चटकाए।
सारांश जैन कोई विकेट नहीं ले सके।