हार्दिक पांड्या की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का इंतजार और बढ़ा, जानिए क्या है कारण
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की योजनाओं को बड़ा झटका लगा है। TOI की रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सेलेंस (CoE) में पुनर्वास के अंतिम चरण में उनके पैर में एक नई चोट लग गई है। इस नए मेडिकल अपडेट के बाद आगामी 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली 3 मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में उनके खेलने की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।
परेशानी
फिटनेस हासिल करने से चूके पांड्या
पांड्या अपनी पुरानी चोटों से अच्छी रिकवरी कर रहे थे, लेकिन वह अभी तक पूरी तरह से गेंदबाजी करने के लिए फिट घोषित नहीं किए गए।
BCCI सूत्रों ने कहा, "वह जल्द ही दोबारा अभ्यास शुरू करेंगे, लेकिन अफगानिस्तान सीरीज इतनी नजदीक (13 सितंबर) है कि तब तक वह मैच फिटनेस हासिल नहीं कर पाएंगे।"
इस पैर की नई चोट ने उन्हें गेंदबाजी के अभ्यास से लंबे ब्रेक के लिए मजबूर कर दिया है।
इंतजार
पांड्या ने मई के बाद से नहीं खेला कोई भी प्रतिस्पर्धी मैच
पांड्या पिछले कई महीनों से लगातार चोटों और फिटनेस समस्याओं के कारण मैदान से दूर हैं।
उन्होंने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच 24 मई को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेला था।
इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले भी वह मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बाहर हो गए थे।
इसी चोट के कारण वह अफगानिस्तान सीरीज, आयरलैंड और इंग्लैंड के अहम दौरे से बाहर रह चुके हैं।
जानकारी
पांड्या का विकल्प माने जा रहे ये खिलाड़ी
पांड्या की अनुपस्थिति में टीम प्रबंधन के पास तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी और स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर विकल्प के तौर पर मौजूद हैं। ये दोनों खिलाड़ी वर्तमान में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
करियर
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शानदार रहा है पांड्या का प्रदर्शन
पांड्या सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत के सबसे अहम ऑलराउंडर खिलाड़ियों में से एक हैं।
वह दुनिया के उन चुनिंदा ऑलराउंडरों में शामिल हैं, जिनके नाम टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,000 से अधिक रन और 100 से अधिक विकेट दर्ज हैं।
उन्होंने अब तक 138 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 27.13 की औसत से 114 विकेट चटकाए हैं।
इसी तरह बल्ले से उन्होंने 145.91 की शानदार स्ट्राइक रेट से 2,288 रन बनाए हैं, जिसमें 9 अर्धशतक शामिल हैं।