
राहुल द्रविड़ के बाद भारत के अगले हेड कोच बन सकते हैं वीवीएस लक्ष्मण- रिपोर्ट
क्या है खबर?
पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के अगले हेड कोच बन सकते हैं। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में इस बात का दावा किया जा रहा है।
वर्तमान हेड कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल इस साल वनडे विश्व कप 2023 के बाद समाप्त होने वाला है।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्रविड़ का कार्यकाल को आगे बढ़ाने के मूड में नहीं है।
आइये जानते हैं इस खबर से जुड़ी अधिक जानकारी।
तालमेल
NCA हेड के रूप में कमाल रहा है लक्ष्मण का काम
लक्ष्मण वर्तमान में बेंगलुरु में स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) के प्रमुख हैं।
लक्ष्मण NCA में क्रिकेट की नई पीढ़ी को लगन के साथ तैयार कर रहे हैं।
लक्ष्मण पिछले साल अंडर 19 विश्व कप 2022 में युवा भारतीय टीम के साथ थे।
वेस्टइंडीज की सरजमीं पर आयोजित हुए उस विश्व कप में ज्यादातर भारतीय खिलाड़ी कोरोना संक्रमित हो गए थे, इसके बावजूद लक्ष्मण के प्रेरणा और मार्गदर्शन ने टीम को खिताब जीतने के लिए प्रेरित किया।
भूमिका
द्रविड़ की अनुपस्थिति में सीनियर टीम को संभाल चुके हैं लक्ष्मण
द्रविड़ की अनुपस्थिति में 48 वर्षीय लक्ष्मण को भारतीय टीम के मुख्य कोच के रूप में कई बार अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
वह जून 2022 में आयरलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भारतीय टीम के साथ थे। इसके अलावा जिम्बाब्वे दौरे पर भी कोच की भूमिका में थे।
वह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में टी-20 एशिया कप के 2022 संस्करण के लिए भी भारतीय टीम के साथ थे, जब द्रविड़ कोविड-19 से बीमार थे।
राहुल द्रविड़
ये चीजें जा सकती हैं द्रविड़ के खिलाफ
द्रविड़ ने नवंबर 2021 में रवि शास्त्री के पद से जाने के बाद पदभार संभाला था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक BCCI द्रविड़ के काम से संतुष्ट नजर नहीं आ रहा है।
द्रविड़ के कार्यकाल में भारतीय टीम वे टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हारी।
दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट और वनडे सीरीज हारने के अलावा भारत एशिया कप में फाइनल तक नहीं पहुंचा।
इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले पांचवें टेस्ट में भी भारत को हार मिली।
प्रदर्शन
2022 में भारत का प्रदर्शन?
साल 2022 में भारतीय क्रिकेट टीम का प्रदर्शन हर फॉर्मेट में मिला-जुला ही रहा। उसे बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता।
टीम के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने की राह भी मुश्किल नजर आ रही है।
भारत का 2022 में प्रदर्शन:
टेस्ट क्रिकेट: 7 मैच, चार जीत, तीन हार।
वनडे क्रिकेट: 24 मैच, 14 जीत, 10 हार।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय: 40 मैच, 28 जीत, 10 हार, एक टाई, एक बेनतीजा।