विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा 11वां वनडे अर्धशतक, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच दूसरे वनडे मुकाबले में विराट कोहली ने 65 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। ये उनके वनडे करियर का 78वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 50 गेंदों में पूरा किया। इंग्लैंड के खिलाफ इस खिलाड़ी का ये 11वां अर्धशतक रहा। पहले वनडे में कोहली कुछ खास नहीं कर पाए थे। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड्स बनाए। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
पारी
ऐसी रही कोहली की पारी और साझेदारी
कोहली ने 66 गेंदों का सामना किया और 65 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 98.48 की रही।
रोहित शर्मा के साथ इस खिलाड़ी ने 61 गेंदों में 60 रन की साझेदारी निभाई। इसके अलावा श्रेयस अय्यर के साथ उन्होंने 67 गेंदों में 67 रन जोड़े।
भारतीय टीम के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर पवेलियन लौटते रहे, लेकिन कोहली ने एक छोड़ संभाले रखा।
कोहली को जोफ्रा आर्चर ने पवेलियन की राह दिखाई।
इंग्लैंड
इंग्लैंड के खिलाफ ऐसे हैं कोहली के आंकड़े
कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे 2011 में खेला था। उन्होंने 40 मुकाबले खेले हैं और इसकी 40 पारियों में 40.75 की औसत से 1,467 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 3 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 122 रन है।
इंग्लैंड में इस खिलाड़ी ने 35 मुकाबले खेले हैं और इसकी 35 पारियों में 50.67 की औसत से 1,419 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक शतक और 13 अर्धशतक निकले हैं।
रिकॉर्ड्स
कोहली ने ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम
कोहली दूसरे वनडे के दौरान SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में 100 वनडे मुकाबले खेलने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय खिलाड़ी बने।
सिर्फ सचिन तेंदुलकर (135 वनडे) और महेंद्र सिंह धोनी (109 वनडे) उनसे आगे हैं।
इंग्लैंड की धरती पर कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन (2,707) बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने राहुल द्रविड़ (2,645 रन) को पीछे छोड़ा।
रोहित के साथ कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में साझेदारी के 8,000 रन भी पूरे किए।
करियर
ऐसा रहा है कोहली का वनडे करियर
कोहली ने अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2008 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक 313 मुकाबले खेले हैं और इसकी 301 पारियों में 58.53 की उम्दा औसत के साथ 14,867 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 54 शतक और 78 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 183 रन रहा है।
कोहली ने अपने वनडे करियर में सबसे ज्यादा रन (2,652) श्रीलंका के खिलाफ बनाए हैं।