IPL इतिहास में इन गेंदबाजों के खिलाफ विराट कोहली ने बनाए हैं 150+ रन
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने पहले मैच में 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से भिड़ेगी। RCB ने पिछले सीजन का खिताब जीता था, जिसमें विराट कोहली ने उपयोगी योगदान दिया था। लीग इतिहास में सबसे ज्यादा रन बना चुके कोहली ने तमाम गेंदबाजों के खिलाफ खूब रन बटोरे हैं। इस बीच उन गेंदबाजों के बारे में जानते हैं, जिनके खिलाफ कोहली ने 150+ रन बनाए हैं।
#1
विराट कोहली बनाम रविचंद्रन अश्विन (181 रन)
क्रिकइंफो के अनुसार, IPL में कोहली-अश्विन 23 पारियों में आमने-सामने हुए हैं। इस बीच अश्विन की 149 गेंदों में कोहली ने 121.47 की स्ट्राइक रेट से 181 रन बनाए हैं। दूसरी तरफ इस पूर्व स्पिनर ने कोहली को सिर्फ एक बार आउट किया है। अश्विन के खिलाफ बड़े शॉट लगाना कोई आसान काम नहीं है, और कोहली ने अपने IPL करियर में इस गेंदबाज के खिलाफ 6 छक्के और 13 चौके लगाए हैं।
#2
विराट कोहली बनाम रविंद्र जडेजा (179 रन)
IPL 2026 में रविंद्र जडेजा अपनी पुरानी टीम राजस्थान रॉयल्स (RR) से खेलते हुए नजर आएंगे। लीग इतिहास में जडेजा ने कोहली के खिलाफ 21 पारियों में गेंदबाजी की और उन्हें 3 बार आउट किया। इस बीच कोहली ने जडेजा की 160 गेंदों में 111.87 की स्ट्राइक रेट के साथ 179 रन बनाए हैं। कोहली ने जडेजा के विरुद्ध 10 चौके और 5 छक्के भी लगाए हैं।
#3
विराट कोहली बनाम उमेश यादव (168 रन)
तेज गेंदबाज उमेश यादव आखिरी बार IPL में 2024 में गुजरात टाइटंस (GT) की टीम से खेले थे। अपनी तेज गति के लिए मशहूर उमेश ने IPL में कोहली को 3 बार आउट करने में सफलता हासिल की है। इस बीच RCB के दिग्ग्गज ने उमेश के विरुद्ध 96 गेंदों में 175 की स्ट्राइक रेट के साथ 168 रन बनाए थे। बता दें कि ये दोनों खिलाड़ी RCB (2018-2021) से एक साथ भी खेल चुके हैं।
#4
विराट कोहली बनाम अमित मिश्रा (162 रन)
अमित मिश्रा IPL इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनरों की सूची में शुमार हैं। उन्होंने अपने IPL करियर में 174 विकेट लिए हैं। लीग इतिहास में मिश्रा ने कोहली को 3 बार आउट करने में सफलता हासिल की है। इस बीच कोहली ने इस लेग स्पिनर के खिलाफ 105 गेंदों में 154.28 की स्ट्राइक रेट के साथ 162 रन बनाए हैं। उन्होंने 7 छक्के और 13 चौके लगाए हैं।
#5 और #6
विराट कोहली ने इन गेंदबाजों के खिलाफ भी बनाए 150+ रन
कोहली ने IPL में ड्वेन ब्रावो और जसप्रीत बुमराह के खिलाफ भी 150 से अधिक रन बनाए थे। ब्रावो के विरुद्ध कोहली ने 103 गेंदों में 157 रन बनाए थे। इस बीच ब्रावो ने एक बार उन्हें आउट किया। IPL में बुमराह की 101 गेंदों में कोहली ने 148.51 की स्ट्राइक रेट से 150 रन (पारी- 17) बनाए हैं। दूसरी तरफ MI के इस दिग्गज गेंदबाज ने कोहली को 5 पारियों में आउट किया है।