विराट कोहली ने दिया अहम बयान, कहा- वनडे विश्व कप 2027 होगा मेरा आखिरी विश्व कप
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली ने आगामी वनडे विश्व कप 2027 को लेकर बड़ा बयान दिया है। भारतीय दिग्गज के अनुसार यह भारत के लिए उनका आखिरी विश्व कप होगा। उन्होंने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान इस बड़े टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ देने और टीम को खिताब दिलाने पर है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लक्ष्य हासिल करने के लिए वह मैदान पर अपना सब कुछ देने के लिए तैयार हैं।
बयान
कोहली ने क्या कहा?
कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले जियो स्टार को एक इंटरव्यू दिया।
इस दौरान उन्होंने 2027 के विश्व कप को लेकर कहा, "मेरे लिए यह भारत के लिए आखिरी विश्व कप होगा और यही मेरी प्रेरणा है। मैं मैदान पर अपना सब कुछ झोंक देना चाहता हूं। जाहिर तौर पर मेरा लक्ष्य विश्व कप जीतना है और इसके लिए जो भी करना पड़ेगा, मैं उसके लिए पूरी तरह तैयार हूं।"
खूलकर
कोहली ने खुद से किया है ये बड़ा वादा
कोहली ने कहा, "सबसे पहले मैंने खुद से वादा किया है कि मैं अब ज्यादा खुलकर खेलूंगा। मैं इस बात की चिंता नहीं करूंगा कि लोगों को मुझसे क्या उम्मीदें हैं। लंबे समय तक मेरी भूमिका चीजों को संभालकर रखने और पारी को स्थिरता देने की रही है।"
उन्होंने कहा, "अब मैं अपनी बल्लेबाजी को लेकर किसी बाहरी उम्मीद के दबाव में नहीं रहना चाहता और मैदान पर अपनी शैली के अनुसार खुलकर खेलने पर ध्यान देना चाहता हूं।"
बदलाव
अब वनडे क्रिकेट बदल चुका है- कोहली
37 वर्षीय कोहली ने कहा, "अब खेल बदल रहा है। अगर दूसरी टीमें आपको 340-350 रन तक पहुंचने के लिए मजबूर कर रही हों तो हमें भी 350-360 रन बनाने में सक्षम होना चाहिए। मैं अब जोखिम लेने के लिए तैयार हूं क्योंकि मुझे पता है कि अगर मैं रन बनाता हूं तो हम आसानी से 350-360 तक पहुंच सकते हैं। मैं ऐसा करते हुए ज्यादा देर तक बल्लेबाजी करता हूं तो अंत में ज्यादा आक्रामक शॉट खेल सकता हूं।"
कप्तानी
शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर कोहली ने क्या कहा?
कोहली ने शुभमन गिल की कप्तानी की तारीफ करते हुए कहा, "उनकी यह बात बिल्कुल स्पष्ट है कि वह चाहते हैं कि हम मैदान पर किस तरह खेलें। बेशक जैसे-जैसे अनुभव बढ़ेगा और परिस्थितियों को समझने की क्षमता बेहतर होगी वैसे-वैसे फैसले लेने के तरीके में भी सुधार आएगा। नेतृत्व की भूमिका में हर व्यक्ति इसी तरह लगातार सीखता और बेहतर होता है। गिल भी अनुभव के साथ अपने फैसलों पर काम करते रहेंगे और उनमें सुधार करते रहेंगे।"
तारीफ
कोहली ने की गिल की जमकर तारीफ
कोहली ने गिल को लेकर आगे कहा, "उनमें भारतीय टीम का सही तरीके से नेतृत्व करने की इच्छा है और यही सबसे महत्वपूर्ण है। वह लंबे समय तक कप्तानी करेंगे। वह मैदान पर बल्लेबाजों को आउट करने के तरीके सोचते हैं जो कुछ अलग करने और एक कदम आगे रहने की निशानी है। वह अलग-अलग तरह के फिल्ड लगाने, बल्लेबाजों पर दबाव बनाने, गेंदबाजों को उसी अनुसार समझाने और खास तरह का गेंदबाजी आक्रमण उतारने से नहीं हिचकते हैं।"