LOADING...
विजय शंकर ने किया संन्यास का ऐलान, घरेलू क्रिकेट और IPL नहीं खेलेंगे 
विजय शंकर ने संन्यास का ऐलान किया है

विजय शंकर ने किया संन्यास का ऐलान, घरेलू क्रिकेट और IPL नहीं खेलेंगे 

May 22, 2026
06:43 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी विजय शंकर ने घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने नई संभावनाओं के तलाश के कारण ये फैसला लिया है। शंकर 35 साल के हैं और उन्होंने भारतीय टीम के लिए आखिरी मुकाबला साल 2019 में खेला था। IPL 2026 में वह किसी टीम का हिस्सा नहीं बन पाए थे। पिछले सीजन वह चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के लिए खेले थे।

बयान

विजय शंकर ने क्या कहा? 

शंकर ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'क्रिकेट मेरी जिंदगी है। मैंने 10 साल की उम्र में खेलना शुरू किया था और 25 साल बाद मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे हर स्तर पर और सबसे ऊंचे स्तर तक खेलने का मौका मिला। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा मेरे सबसे गर्व और खुशी के पलों में से एक रहेगा। मैंने घरेलू क्रिकेट और IPL से संन्यास लेने का फैसला किया है ताकि नए अवसरों की ओर बढ़ सकूं।'

BCCI

विजय शंकर ने BCCI के लिए कही ये बात 

शंकर ने आगे कहा, 'BCCI और भारतीय क्रिकेट टीम का धन्यवाद, यहां से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला, अनगिनत यादें मिलीं और कई प्रेरणाएं भी। देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान रहेगा। नागपुर में भारत के 500वें वनडे में आखिरी ओवर डालना और 2019 विश्व कप में पहली ही गेंद पर विकेट लेना ऐसे पल हैं जिन्हें मैं जिंदगी भर संजोकर रखूंगा।'

Advertisement

अंतरराष्ट्रीय

ऐसा रहा विजय शंकर का अंतरराष्ट्रीय करियर 

शंकर ने भारत के लिए 12 वनडे और 9 टी-20 मुकाबले खेले। वनडे की 8 पारियों में उन्होंने 31.85 की औसत से 223 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 46 रन रहा। गेंदबाजी में उन्होंने 9 पारियों में 4 विकेट लिए। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इस खिलाड़ी ने 9 मैच की 4 पारियों में 25.25 की औसत और 138.35 की स्ट्राइक रेट से 101 रन बनाए। गेंदबाजी में उन्होंने 38.20 की औसत से 5 विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/32 का रहा।

Advertisement

घरेलू

घरेलू क्रिकेट में ऐसा रहा विजय शंकर का प्रदर्शन 

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में शंकर ने 77 मैच की 107 पारियों में 46.73 की औसत से 4,253 रन बनाए। उनके बल्ले से 13 शतक और 23 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 151* रन रहा। लिस्ट-A क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 127 मैच में 34.87 की औसत से 2,790 रन बनाए। टी-20 में उनके बल्ले से 159 मैच में 2,583 रन निकले। प्रथम श्रेणी में उनके नाम 43 विकेट, लिस्ट-A में 73 और टी-20 में 38 विकेट रहे।

IPL

ऐसा रहा है विजय शंकर का IPL करियर 

IPL में शंकर ने 78 मैच की 65 पारियों में 26.23 की औसत से 1,233 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 69* रन रहा। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 22 पारियों में 9 विकेट चटकाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/19 का रहा। ये खिलाड़ी 4 IPL टीमों का हिस्सा रहे। वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), CSK, दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात टाइटंस (GT) के लिए खेले।

Advertisement