विजय हजारे ट्रॉफी: मुंबई और उत्तर प्रदेश ने किया फाइनल में प्रवेश, ऐसे रहे सेमीफाइनल
भारत के प्रतिष्ठित एकदिवसीय घरेलू टूर्नामेंट 'विजय हजारे ट्रॉफी' के पहले सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश ने गुजरात को पांच विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई ने कर्नाटक को 72 रनों से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया है। दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला 14 मार्च (रविवार) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडयम में खेला जाएगा। आइए एक नजर डालते हैं दोनों मैचों पर।
पांच विकेट से जीता उत्तर प्रदेश
विजय हजारे ट्रॉफी में गुजरात के विजय रथ को उत्तर प्रदेश ने सेमीफाइनल में रोक दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई सिर्फ 48.1 ओवर में ही 184 रन बनाकर सिमट गई। हेत पटेल ने गुजरात की ओर से सर्वाधिक 60 रन बनाए। छोटे से लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश ने अक्षदीप नाथ के अर्धशतक (71) की मदद से पांच विकेट खोकर 43वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
ऐसा रहा उत्तर प्रदेश का फाइनल तक का सफर
पहला मैच- उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक को नौ रनों से हराया (VJD नियम से)। दूसरा मैच- उत्तर प्रदेश को केरल से तीन विकेट से हार झेलनी पड़ी। तीसरा मैच- उत्तर प्रदेश ने बिहार को पांच विकेट से हराया। चौथा मैच- उत्तर प्रदेश ने रेलवे को 70 रनों से हराया। पांचवा मैच- उत्तर प्रदेश ने ओडिशा को छह विकेट से हराया। क्वार्टर फाइनल- उत्तर प्रदेश ने दिल्ली को 46 रनों से हराया। सेमीफाइनल- उत्तर प्रदेश ने गुजरात को पांच विकेट से हराया।
मुंबई ने कर्नाटक को 72 रनों से हराया
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में कप्तान पृथ्वी शॉ के बड़े शतक (165) की बदौलत मुंबई ने पहले खेलते हुए 322 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। पृथ्वी का यह इस सीजन का चौथा शतक था। दूसरी ओर कर्नाटक की ओर से वयस्क विजय कुमार ने सर्वाधिक चार विकेट लिए। जवाब में कर्नाटक की टीम 43वें ओवर में 250 रनों पर ही सिमट गई। कर्नाटक की ओर से देवदत्त पडिक्कल (64) और शरत बीआर (61) ने अर्धशतक लगाए।
अब तक अजेय रही है मुंबई
पहला मैच- मुंबई ने दिल्ली को सात विकेट से हराया। दूसरा मैच- मुंबई ने महाराष्ट्र को छह विकेट से हराया। तीसरा मैच- मुंबई ने पुदुचेरी को 233 रनों से हराया। चौथा मैच- मुंबई ने राजस्थान को 67 रनों से हराया। पांचवा मैच- मुंबई ने हिमाचल प्रदेश को 200 रनों से हराया। क्वार्टर फाइनल- मुंबई ने सौराष्ट्र को नौ विकेट से हराया। सेमीफाइनल- मुंबई ने कर्नाटक को 72 रनों से हराया।
ये हैं इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने चार शतक की मदद से सात मैचों में 754 रन बनाए हैं। इस बीच उनका सर्वोच्च स्कोर 227* रहा है। देवदत्त पडिक्कल इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने सात मैचों में चार शतक की मदद से 737 रन बना लिए हैं। वहीं उनके साथी कर्नाटक के आर समर्थ (613) तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
इन गेंदबाजों ने झटके हैं सबसे ज्यादा विकेट
उत्तर प्रदेश के शिवम शर्मा सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जिन्होंने सात मैचों में 20 विकेट लिए हैं। उनके बाद गुजरात के अरजन नागवासवाला (19) दूसरे स्थान पर हैं। इस सूची में तीसरे स्थान पर हिमाचल के रिषी धवन (16) हैं। वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी कुल चौथे और मुंबई की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने पांच मैचों में 10.57 की औसत से 14 विकेट लिए हैं।
इस खबर को शेयर करें