Page Loader
रणजी ट्रॉफी 2024-25, फाइनल: ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंची विदर्भ टीम, ऐसा रहा चौथा दिन 
विदर्भ के बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया (तस्वीर: एक्स/@BCCIdomestic)

रणजी ट्रॉफी 2024-25, फाइनल: ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंची विदर्भ टीम, ऐसा रहा चौथा दिन 

Mar 01, 2025
05:32 pm

क्या है खबर?

रणजी ट्रॉफी 2024-25 का फाइनल मुकाबला केरल क्रिकेट टीम और विदर्भ क्रिकेट टीम के बीच खेला जा रहा है। पहली पारी में विदर्भ ने 379 रन बनाए थे। जवाब में केरल 342 रन पर ऑलआउट हुई थी। विदर्भ ने दूसरी पारी में 249/4 का स्कोर बना लिया है। करुण नायर (132*) और अक्षय वाडकर (4*) नाबाद हैं। आखिरी दिन अगर ये मुकाबला ड्रॉ होता है तो पहली पारी में बढ़त के आधार पर विदर्भ ट्रॉफी अपने नाम कर लेगी।

लेखा-जोखा

चौथे दिन का लेखा-जोखा 

विदर्भ की बढ़त 286 रनों की हो गई है। दूसरी पारी में उसे शुरुआती झटके लगे थे। 7 रन पर टीम के 2 बल्लेबाज पवेलियन में थे। यहां से करुण नायर (132*) और दानिश मालेवार (73) ने पारी संभाली। दोनों के बीच 346 गेंदों में 182 रन की साझेदारी हुई। केरल के गेंदबाजों को इन दोनों ने विकेट लेने का कोई भी बड़ा मौका नहीं दिया। वे अपनी छाप नहीं छोड़ पाए। यश राठौड़ के बल्ले से 24 रन निकले।

शतक

करुण ने प्रथम श्रेणी करियर का 23वां शतक लगाया 

करुण ने प्रथम श्रेणी करियर का 23वां शतक लगाया। इस रणजी सीजन उनके बल्ले से चौथा शतक निकला है। घरेलू क्रिकेट के सभी प्रारूपों को मिलाकर इस सीजन इनका 9वां शतक है। उन्होंने अब तक 280 गेंदों का सामना किया है और 132 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके बल्ले से 10 चौके और 2 छक्के निकले हैं। पहली पारी में इस खिलाड़ी ने 188 गेंदों का सामना किया था और 86 रन बनाकर रन आउट हो गए थे।

पारी

मालेवार की पारी पर एक नजर 

मालेवार ने मैच में 162 गेंदों का सामना किया और 73 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 5 चौके निकले। पहली पारी में इस खिलाड़ी ने 285 गेंदों का सामना किया था और 153 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 15 चौके और 3 छक्के निकले थे। प्रथम श्रेणी करियर में मालेवार के बल्ले से निकला यह छठा अर्धशतक है। मालेवार ने 2024 में अपने प्रथम श्रेणी करियर का आगाज किया था।

कप्तानी

केरल के लिए सचिन बेबी ने खेली थी कप्तानी पारी 

सचिन बेबी ने फाइनल मुकाबले में केरल की पहली पारी के दौरान 235 गेंदों का सामना करते हुए 98 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 10 चौके निकले थे। अपना 100वां प्रथम श्रेणी मुकाबला खेल रहे बेबी का यह 29वां अर्धशतक था। उनके बल्ले से 14 शतक निकले हैं। उन्होंने लगभग 40 की औसत से अपने प्रथम श्रेणी करियर में 5,689 रन बनाए हैं। उन्होने गुजरात क्रिकेट टीम के खिलाफ सेमीफाइनल में 69 रन की पारी खेली थी।