Loading...
पाकिस्तान की इंग्लैंड में 0-3 की हार पर भड़के दिग्गज, PCB पर उठाए बड़े सवाल
पाकिस्तान की इंग्लैंड में हार के बाद वसीम अकरम और शाहिद अफरीदी ने PCB पर सवाल उठाए हैं

पाकिस्तान की इंग्लैंड में 0-3 की हार पर भड़के दिग्गज, PCB पर उठाए बड़े सवाल

Sep 13, 2026
12:49 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हाथों टेस्ट सीरीज में 0-3 से शर्मनाक क्लीन स्वीप झेलने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में हड़कंप मच गया है। यह पिछले 50 सालों में इंग्लैंड के दौरे पर पाकिस्तान का सबसे कमजोर प्रदर्शन रहा है। इस हार ने पाकिस्तान के महान दिग्गज क्रिकेटरों के सब्र का बांध भी तोड़ दिया है। पूर्व कप्तान वसीम अकरम और शाहिद अफरीदी ने इस हालत के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को जिम्मेदार ठहराते हुए बड़ा निशाना साधा है।

बयान

मुझे यह गिरावट पिछले 5 साल से दिख रही थी- अकरम

पाकिस्तान के महानतम तेज गेंदबाज अकरम ने कहा, "यह एक बेहद निराशाजनक स्थिति है, लेकिन मैं पिछले 5 सालों से इस गिरावट को आते हुए देख रहा था। आप इसके लिए किसी एक विशेष व्यक्ति या किसी एक कारक को दोष नहीं दे सकते, क्योंकि इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हैं।"

उन्होंने कहा, "PCB अध्यक्ष को बदलना आसान है, लेकिन बुनियादी कमियों को नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ना ही इस पतन का बड़ा कारण रहा है।"

अपमान

खिलाड़ियों का इस तरह अपमान नहीं कर सकते- अफरीदी

पूर्व ऑलराउंडर और कप्तान अफरीदी ने टीम में लगातार हो रही उथल-पुथल और खिलाड़ियों के साथ बोर्ड के बर्ताव पर बेहद कड़ा रुख अपनाया है।

उन्होंने इस संकटमयी दौर को लेकर कहा, "यह पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए बेहद अंधकारमय और निराशाजनक समय है। आप खिलाड़ियों का इस तरह से अपमान नहीं कर सकते और आपका घरेलू क्रिकेट सिस्टम मजबूत नहीं है। अच्छे परिणामों के लिए पहले उसे सुधारना ही होगा। इसी तरह खिलाड़ियों में सुरक्षा की भावना लानी होगी।"

ADVERTISEMENT

कदम

PCB ने बीच सीरीज में उठाए कड़े कदम

इस दौरे पर सिर्फ मैदान के अंदर ही नहीं, बल्कि मैदान के बाहर भी पाकिस्तानी क्रिकेट तमाशा बनकर रह गया।

PCB ने शुरुआती 2 टेस्ट हारने के बाद अपने 7 प्रमुख खिलाड़ियों को घर वापस भेज दिया।

इसी तरह टीम के मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी अचानक पद से हटा दिया।

इस निर्णय की पूरे दुनिया के क्रिकेट जगत में आलोचना हुई है। इस कदम ने खिलाड़ियों में मन में असुरक्षा पैदा कर दी।

ADVERTISEMENT

परिणाम

सीरीज हार के बाद WTC अंक तालिका में फिसड्डी हुई पाकिस्तान टीम

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में मिली 8 विकेट की करारी शिकस्त पाकिस्तान की पिछले 21 टेस्ट मैचों में 16वीं हार है।

इस बेहद खराब रिकॉर्ड के साथ पाकिस्तान टीम ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में 9वें और सबसे अंतिम पायदान पर खिसक गई है।

पाकिस्तान टीम केवल टेस्ट ही नहीं, बल्कि सीमित ओवरों क्रिकेट में भी फिसड्डी रिही है। उसके वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भी अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे हैं।

ADVERTISEMENT