वैभव सूर्यवंशी का खराब फॉर्म बरकरार, लगातार तीसरे मुकाबले में हुए फ्लॉप
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का खराब फॉर्म जारी है। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ लगातार तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भी उनका बल्ला नहीं चल पाया। ये लगातार तीसरा मौका है जब वह 20 रन भी नहीं बना पाए। संजू सैमसन के खराब फॉर्म के कारण वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली थी। वैभव को लगातार दूसरे मुकाबले में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में उनके साथी खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर ने आउट किया।
रन
वैभव के बल्ले से नहीं निकल रहे रन
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 में डेब्यू करने वाले वैभव ने 3 पारियों में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की सिर्फ झलक दिखाई है। डेब्यू मैच में उन्होंने 10 गेंदों में 14 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के शामिल थे। तीसरे टी-20 में उन्होंने 5 गेंदों में 13 रन बनाए। वहीं, चौथे मुकाबले में उनके बल्ले से 10 गेंदों में 15 रन निकले. जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था। उन्होंने 3 मुकाबलों में 14 की औसत से 42 रन बनाए हैं।
फ्लॉप
क्यों फ्लॉप हो रहे वैभव?
वैभव अपनी आक्रामक शैली के बावजूद बड़ी पारी खेलने में संघर्ष कर रहे हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दबाव में शॉट चयन और गेंद को समझने में आ रही परेशानी मानी जा सकती है। वैभव शुरुआत में तेजी से रन बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अनुभवी गेंदबाज उन्हें अपनी योजना के मुताबिक खेलने का मौका नहीं दे रहे हैं। अब उनके लिए संयम के साथ पारी को आगे बढ़ाना बड़ी चुनौती होगी।