LOADING...
भारतीय टीम में शामिल हो सकते हैं वैभव सूर्यवंशी, आयरलैंड दौरे पर मिल सकता है मौका
क्या वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में मिलेगा मौका?

भारतीय टीम में शामिल हो सकते हैं वैभव सूर्यवंशी, आयरलैंड दौरे पर मिल सकता है मौका

लेखन Manoj Panchal
Apr 14, 2026
10:00 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रहे राजस्थान रॉयल्स (RR) के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जून में आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम में शामिल किया जा सकता है। महज 15 साल की उम्र में वह भारत के सबसे युवा डेब्यू करने वाले पुरुष खिलाड़ी बन सकते हैं। चयनकर्ता उन्हें इस छोटे दौरे पर मौका देने पर विचार कर रहे हैं, ताकि आगे बड़े दौरे से पहले उन्हें अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिल सके।

रिपोर्ट 

सूर्यवंशी ने खींचा चयनकर्ताओं का ध्यान

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, सूर्यवंशी आयरलैंड दौरे के लिए चयन की दौड़ में हैं और चयनकर्ताओं ने कई अन्य खिलाड़ियों के साथ उनका नाम शॉर्टलिस्ट किया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि चयनकर्ता युवा खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जल्द आजमाने के पक्ष में हैं और उन्हें सीमित ओवरों की सीरीज में मौका दिया जा सकता है। आयरलैंड दौरे के बाद जिम्बाब्वे दौरे में भी उन्हें शामिल किया जा सकता है।

रिकॉर्ड 

सूर्यवंशी बना सकते हैं नया रिकॉर्ड

फिलहाल भारत के लिए सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी के रूप में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में डेब्यू किया था। वहीं, महिलाओं में शफाली वर्मा ने 15 साल 7 महीने 27 दिन की उम्र में भारत के लिए खेलना शुरू किया था। इसी साल 27 मार्च को 15 साल के हुए सूर्यवंशी को मौका मिलता है, तो वह यह रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं।

Advertisement

आंकड़े 

खूब चला है सूर्यवंशी का बल्ला

सूर्यवंशी ने विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। इस IPL 2026 में उन्होंने RCB के खिलाफ 26 गेंदों में 78 रन, CSK के खिलाफ 17 गेंदों में 52 रन और MI के खिलाफ 14 गेंदों में 39 रन बनाए थे। वह जसप्रीत बुमराह और जॉश हेजलवुड जैसे गेंदबाजों के खिलाफ भी बेखौफ नजर आए। उन्होंने अब तक टी-20 करियर में 23 मैचों में लगभग 41 की औसत और 215 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 901 रन बनाए हैं।

Advertisement

शेड्यूल 

कब होंगे मैच?

बता दें, मौजूदा टी-20 विश्व चैंपियन भारत 26 जून और 28 जून, 2026 को आयरलैंड में दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा, जो इंग्लैंड दौरे से पहले होंगे। दोनों मुकाबले बेलफास्ट में खेले जाएंगे। इसके बाद टीम जुलाई 2026 में जिम्बाब्वे के दौरे पर जाएगी। यहां टीम 3 टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी। ये मैच 23 जुलाई, 25 जुलाई और 26 जुलाई को हरारे में खेले जाएंगे।

Advertisement