क्या वैभव सूर्यवंशी एक दिन की शूटिंग के लिए लेते हैं 1.5 से 2 करोड़ रुपये?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भारतीय ब्रांडों के लिए एक अनोखा निवेश हैं। 15 साल की उम्र में उनकी कीमत बढ़ती लोकप्रियता पर आधारित है। वह वोट नहीं दे सकते, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मिली गाड़ी नहीं चला सकते और अभिभावक के बिना कानूनी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं कर सकते। इसके बावजूद वह अब एक दिन की शूटिंग से ही करोड़ों रुपये कमा रहे हैं। आइए पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।
शूट
एक दिन के लिए इतने पैसे ले रहे हैं वैभव
HT के अनुसार, वैभव फिलहाल एक दिन के ब्रांड शूट या कार्यक्रम के लिए 1.5 से 2 करोड़ रुपये लेते हैं।
यह किसी खिलाड़ी के शूट या उपस्थिति के लिए एक दिन के समय की कीमत तय करने का उद्योग जगत में प्रचलित पैमाना है।
एएमपी स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट के संस्थापक इंद्रनील दास ब्लाह ने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा, "IPL से पहले उनका तय पैमाना नहीं था। अब वह 1.5 करोड़ रुपये से ज्यादा रोजाना की फीस ले रहे हैं।"
साल
2 साल में 3 से 4 करोड़ रुपये प्रतिदिन कमा सकते हैं वैभव
ब्लाह ने वैभव को शुभमन गिल, ऋषभ पंत और केएल राहुल की श्रेणी में रखा है। हालांकि, उनके मुताबिक वैभव का आक्रामक अंदाज उन्हें सबसे अलग बनाता है।
वह बिना किसी डर के गेंदबाजों पर लगातार हमला करते हैं, जिसका अनुभवी खिलाड़ी भी सम्मान करते हैं।
अगर अगले 2 साल उनका फॉर्म बरकरार रहा तो उनकी विज्ञापन फीस बढ़कर 3-4 करोड़ रुपये प्रतिदिन हो सकती है, जिससे वह देश के बड़े सितारों के बराबर पहुंच जाएंगे।
पैसा
अभिभावक के बिना समझौता नहीं कर सकते वैभव
नियमों के अनुसार, वैभव अपने अभिभावक के बिना खुद विज्ञापन समझौते नहीं कर सकते। हालांकि, बड़ा सवाल उन कई वर्षों के समझौतों को लेकर है, जिन्हें वह साइन करते हैं।
अगर समझौता जारी रहते हुए वह 18 साल के हो जाते हैं तो उस स्थिति में क्या होगा?
एएम स्पोर्ट्स लॉ एंड मैनेजमेंट कंपनी की संस्थापक आहना मेहरोत्रा ने कहा कि भारत में अभी तक ऐसा कोई स्पष्ट कानून मौजूद नहीं है जो इस सवाल का निश्चित जवाब देता हो।
संपत्ति
7 से 10 करोड़ रुपये है वैभव की कुल संपत्ति
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वर्तमान में वैभव की कुल संपत्ति 7 से 10 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई है।
इसमें उनका IPL वेतन, मैच फीस, घरेलू क्रिकेट की कमाई और लगातार बढ़ रहे कंपनी विज्ञापन का सबसे बड़ा योगदान है।
IPL 2026 के बाद उनका व्यावसायिक मूल्य इतना बढ़ गया कि वह प्रति विज्ञापन करार के 1 करोड़ रुपये से अधिक ले रहे हैं।
उनकी उम्र को देखते हुए उनका परिवार अभी बहुत काफी ज्यादा एहतियात बरत रहा है।