'सैंडपेपर गेट' विवाद पर उस्मान ख्वाजा करने वाले थे खुलासा, स्मिथ ने नहीं दी थी इजाजत
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने हाल ही में दावा किया कि 2018 में हुए 'सैंडपेपर गेट' विवाद में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम जिम्मेदार थी। इसके बाद से ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की आलोचना का दौरा जारी है। अब ख्वाजा ने कहा है कि वह इस बात का खुलासा 2018 में ही करने वाले थे, लेकिन तब टीम के कप्तान रहे स्टीव स्मिथ ने उन्हें ऐसा करने से रोक लिया था। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
स्मिथ ने नहीं दी थी इजाजत
ख्वाजा ने बताया कि 2018 के केप टाउन टेस्ट के बाद, जब स्मिथ, वार्नर और बैनक्रॉफ्ट पर प्रतिबंध लगाए गए थे, तो वह मीडिया के सामने सच-सच बताना चाहते थे।
ख्वाजा ने इंस्टाग्राम में वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, "स्मिथ एक बेहतरीन लीडर हैं। उन्होंने मुझे ऐसा करने से रोका था। वह सारा दोष अपने ऊपर लेना चाहते थे। मैंने उनसे बहस भी की, लेकिन वह नहीं माने। यह पहली बार था जब मैंने सच सामने लाने की कोशिश की।"
बयान
बतौर खिलाड़ी में ये खुलासा नहीं कर सकता था- ख्वाजा
ख्वाजा ने आगे कहा, "आप पूछेंगे कि उन 4 सालों में जब मैं खेल रहा था, तब मैंने कुछ क्यों नहीं कहा? मैं इस बारे में बात करने वाला पहला इंसान नहीं बनना चाहता था। आप मुझे डरपोक कह सकते हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं ऐसा कैसे करूं, क्योंकि मैं तब भी टीम का हिस्सा था। मुझे पता था कि मेरी टीम के कुछ साथी इस बारे में बात ही नहीं करना चाहते थे।"
इंटरव्यू
इस इंटरव्यू से मचा था बवाल
ख्वाजा अपनी आत्मकथा 'सब्र' को जल्द ही प्रकाशित कराने वाले हैं और उन्होंने सैंडपेपर से जुड़े अपने सनसनीखेज दावों का इसमें प्रमुखता से जिक्र किया है।
इस किताब से पहले उन्होंने इंटरव्यू में कहा कि केपटाउन में गेंद पर सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में पूरी टीम को पता था।
ख्वाजा ने नाइन पेपर्स को दिए इंटरव्यू में कहा, "इसमें हम सभी शामिल थे। न सिर्फ बल्लेबाज, न सिर्फ गेंदबाज, और न ही सिर्फ स्टाफ।"
विवाद
क्या था 'सैंडपेपर गेट' प्रकरण?
'सैंडपेपर गेट' घटना मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में खेले गए टेस्ट मैच में हुई थी।
मैच के तीसरे दिन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद को रगड़ते हुए कैमरों में कैद किया गया था। उन्होंने गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग का लाभ दिलाने के लिए ऐसा किया था।
बाद में स्मिथ और बैनक्रॉफ्ट ने गेंद से छेड़छाड़ की बात स्वीकार की, जिसमें वार्नर की मुख्य भूमिका सामने आई थी। इस पर CA ने प्रतिबंध की कार्रवाई की थी।