उस्मान ख्वाजा के प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का हुआ अंत, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। क्वींसलैंड टीम शेफील्ड शील्ड फाइनल में नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद उनके लंबे करियर का अंत हो गया। पाकिस्तानी मूल के इस बल्लेबाज ने अपने बच्चे के जन्म के कारण होबार्ट में तस्मानिया के खिलाफ मैच नहीं खेला था। तस्मानिया 198 रन पर सिमट गई थी, लेकिन क्वींसलैंड की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम दूसरे दिन 178 रन पर ऑलआउट हो गई।
टीम
क्वींसलैंड बोनस अंक हासिल नहीं कर पाई
ख्वाजा की गैरमौजूदगी के कारण क्वींसलैंड बोनस अंक हासिल नहीं कर सकी। वह 26 मार्च को होने वाले फाइनल के लिए उपलब्ध हो सकते थे, लेकिन टीम के क्वालीफाई न कर पाने से उनका प्रथम श्रेणी करियर खत्म हो गया। इससे पहले इसी साल जनवरी में उन्होंने एशेज सीरीज के 5वें टेस्ट से पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था। ऑस्ट्रेलिया टीम ने एशेज सीरीज में 4-1 से अपने नाम की थी।
प्रथम श्रेणी
ख्वाजा के प्रथम श्रेणी करियर पर एक नजर
39 साल के ख्वाजा ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 229 मुकाबले खेले हैं। इसकी 398 पारियों में 43.18 की औसत से 15,589 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 43 शतक और 74 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 232 रन रहा है। उन्होंने प्रथम श्रेणी करियर का पहला मुकाबला साल 2008 में खेला था। लिस्ट-A क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 133 मैचों में 45.03 की औसत से 5,494 रन बनाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ने खेले थे 88 टेस्ट
उस्मान ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2011 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में कुल 88 टेस्ट मैच खेले, इसकी 159 पारियों में 42.95 की औसत से 6,229 रन बनाए। उनके बल्ले से 16 शतक के अलावा 28 अर्धशतक भी निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 232 रन रहा। वह ऑस्ट्रेलिया की ओर से टेस्ट क्रिकेट में 15वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
आंकड़े
वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उस्मान का प्रदर्शन
उस्मान ने वनडे क्रिकेट में 40 मुकाबलों की 39 पारियों में 42 की औसत से 1,554 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 शतक और 12 अर्धशतक निकले। 50 ओवर प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 104 रन रहा था। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इस खिलाड़ी ने 9 मैचों की 9 पारियों में 26.77 की औसत और 132.41 की स्ट्राइक रेट के साथ 241 रन बनाए। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक अर्धशतक भी लगाया।