USA बनाम नीदरलैंड: साईतेजा मुक्कमल्ला ने टी-20 विश्व कप में जड़ा अपना पहला अर्धशतक
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 21वें मैच में USA क्रिकेट टीम के बल्लेबाज साईतेजा मुक्कमल्ला ने नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (79) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा और नीदरलैंड के खिलाफ पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 30 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में पहला अर्धशतक है। उनकी इस पारी की बदौलत ही USA की टीम 196/6 का स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
पारी
ऐसी रही मुक्कमल्ला की पारी और साझेदारी
मुक्कमल्ला ने 51 गेंदों का सामना किया और 79 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 154.90 की रही। उन्होंने कप्तान मोनांक पटेल के साथ 37 गेंदों में 55 रन की साझेदारी निभाई। इसके अलावा शुभम रंजने के साथ सिर्फ 35 गेंदों में 54 रन जोड़े। USA को पहला झटका 27 रन पर लगा था। मुक्कमल्ला तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए और एक शानदार पारी खेली।
उपलब्धि
मुक्कमल्ला ने हासिल की ये उपलब्धि
मुक्कमल्ला ने USA क्रिकेट टीम के लिए टी-20 विश्व कप में तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। उनसे आगे अब सिर्फ एंड्रीस गाउस और आरोन जोन्स हैं। गाउस ने साल 2024 के विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ नाबाद 80 रन की पारी खेली थी। जोन्स के बल्ले से कनाडा क्रिकेट टीम के खिलाफ 2024 के विश्व कप में नाबाद 94 रन निकले थे। जोन्स सूची में पहले स्थान पर हैं।
करियर
मुक्कमल्ला के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर
मुक्कमल्ला ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2024 में खेला था। उन्होंने अब तक 20 मुकाबले खेले हैं और इसकी 20 पारियों में 42.35 की शानदार औसत और 151.26 की स्ट्राइक रेट से 720 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100* रन रहा है। इस खिलाड़ी ने बरमूडा के खिलाफ सबसे ज्यादा रन (122) बनाए हैं।