Page Loader
UPW बनाम GG: ग्रेस हैरिस ने जड़ा WPL में अपना तीसरा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
ग्रेस हैरिस ने जड़ा अपने WPL करियर का तीसरा अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

UPW बनाम GG: ग्रेस हैरिस ने जड़ा WPL में अपना तीसरा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Mar 01, 2024
10:52 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के 8वें मैच में शुक्रवार को यूपी वारियर्स (UPW) की बल्लेबाज ग्रेस हैरिस ने गुजरात जायंट्स (GG) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (60*) जड़ा। यह उनके WPL करियर का तीसरा और इस सीजन का पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने महज 30 गेंदों में पूरा किया। उनकी बल्लेबाजी की बदौलत ही UPW ने 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही हैरिस की पारी और साझेदारी?

143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी UPW को 50 रन के कुल स्कोर पर एलिसा हिली (33) के रूप में दूसरा झटका लगा था। उसके बाद हैरिस बल्लेबाजी के लिए उतरी। उन्होंने तेजी से रन बनाते हुए टीम को आसान जीत दिला दी। वह 33 गेंदों में 181.82 की स्ट्राइक रेट से 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 60 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने दीप्ति शर्मा (17*) के साथ 5वें विकेट के लिए 53 रन जोड़े।

करियर

कैसा रहा है हैरिस का WPL करियर?

हैरिस ने पिछले सीजन से ही WPL में अपना डेब्यू किया था। वह अब तक 10 मैचों में करीब 54 की औसत और 165 की स्ट्राइक रेट से 383 रन अपने नाम कर चुकी हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 72 रन रहा है, जो उन्होंने पिछले सीजन में GG के खिलाफ ही बनाया था। उन्होंने पिछले सीजन 6 मैचों में 57.50 की औसत और 2 अर्धशतकों की मदद से 230 रन अपने नाम किए थे। वह टीम की अहम बल्लेबाज हैं।