अंडर-19 एशिया कप 2026: यशवीर गौड़ का जीत के बाद खुलासा, बताया क्यों मनाया आक्रामक जश्न
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर रिकॉर्ड 9वीं बार खिताब जीता। इसके बाद युवा क्रिकेटर यशवीर गौड़ ने जीत के बाद टीम के आक्रामक जश्न के पीछे की असली वजह का खुलासा किया है। यशवीर ने बताया कि लीग चरण में दिवाली के दिन मिली हार के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने अभद्र भाषा और छींटाकशी का इस्तेमाल किया था, जिसका जवाब भारतीय टीम ने फाइनल में खिताब जीतकर दिया।
बयान
यशवीर ने क्या दिया बयान?
यशवीर ने स्पोर्ट्स टुडे से कहा, "हम दिवाली पर मैच हार गए थे। उस दौरान हमारे बीच कुछ कहासुनी हुई थी, जिसमें अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया था। हम फाइनल का इंतजार कर रहे थे। हम दिखाना चाहते थे कि भारत क्या करने में सक्षम है।"
उन्होंने कहा, "हम वही कर रहे थे जो उन्होंने किया था। हमने भारतीय जर्सी पहनी हुई थी। हम इस पल का इंतजार कर रहे थे। हर कोई भावुक था।"
सफर
फाइनल और लीग मैच का रोमांचक सफर
टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में दिवाली के दिन पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया था। भारत ने अर्जुन राजपूत के शतक से 208 रन बनाए थे, जिसे पाकिस्तान ने हमजा की शतकीय पारी से हासिल कर लिया था।
इसके बाद 14 नवंबर को खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान से मिले 339 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर चौका जड़ते हुए जीत हासिल की और लीग मैच की हार का बदला ले लिया।
नजर
सीनियर टीम में जगह बनाने पर काव्य पटेल की नजर
इस खिताबी जीत के साथ ही युवा खिलाड़ियों ने सीनियर टीम में जगह बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।
टूर्नामेंट में 8 विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज काव्य पटेल ने कहा, "हां, यही मुख्य लक्ष्य है। हमें कदम-दर-कदम प्रक्रिया का पालन करना होगा और उसी पर ध्यान केंद्रित करना होगा। हम जो भी मैच खेलें, उसमें हमें अपनी पूरी ऊर्जा झोंकनी होगी। यदि हम ऐसा करते हैं, तो चीजें अपने आप सही दिशा में आगे बढ़ेंगी।"