अंडर-19 एशिया कप 2026: वैभव सूर्यवंशी ने खिताबी जीत पर दी भारतीय टीम को बधाई
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आखिरी गेंद पर चौका जड़ते हुए एक विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। पाकिस्तान से मिले 339 रनों के विशाल लक्ष्य को भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर 9 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारतीय टीम की अंतिम क्षणों में की गई वापसी ने 15 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी रोमांचित कर दिया। उन्होंने टीम को बधाई दी है।
बधाई
सूर्यवंशी ने किस तरह दी बधाई?
मैच के बाद सूर्यवंशी ने एक सच्चे क्रिकेट प्रशंसक की तरह इस महामुकाबले के रोमांच को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया।
उन्होंने अपनी पहली स्टोरी में टीम को बधाई देते हुए लिखा, 'बधाई हो, ओह मैन... क्या शानदार मैच था!'
इसी तरह उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 361 रन बनाकर 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुने गए आर्यवीर सहवाग की भी जमकर सराहना की। उन्होंने दूसरी स्टोरी में लिखा, 'स्टार बॉय, आर्यवीर सहवाग।'
खुलासा
आर्यवीर ने किया टीम की रणनीति का खुलासा
फाइनल मुकाबले में कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ ओपनिंग करते हुए आर्यवीर सहवाग ने 61 गेंदों में 58 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी।
जीत के बाद आर्यवीर ने कहा, "हमारी चर्चा यही थी कि विकेट बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छा है और यह कोई बहुत बड़ा स्कोर नहीं है। अगर हम सामान्य तरीके से बल्लेबाजी करें और अपने पारंपरिक शॉट्स खेलें, तो हम इस लक्ष्य तक आसानी से पहुंच जाएंगे। हमें इस बात का पूरा विश्वास था।"
बदलाव
लक्ष्य देखकर रणनीति में बदलाव की योजना पर क्या बोले आर्यवीर?
आर्यवीर ने लक्ष्य को देखते हुए अपनी खेल रणनीति बदलने के विचार पर कहा, "नहीं, बिल्कुल नहीं, क्योंकि हम जानते थे और अपनी टीम मीटिंग्स में भी इस पर बात करते हैं कि हम आखिरी 10 ओवरों में 100 या 120 रन कैसे चेज कर सकते हैं। इसलिए किसी एक बल्लेबाज को अंत तक टिककर खेलना था। पहले कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आखिर में मोहित उल्वा और मनाल चौहान ने बेहतरीन काम किया, उन सभी को मेरा सलाम है।"