अंडर-19 एशिया कप: मोहित उल्वा ने पाकिस्तान के खिलाफ जीत को बताया सपना, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ आखिरी गेंद पर चौका जड़कर 1 विकेट से रोमांचक जीत दिलाने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मोहित उल्वा रातोंरात हीरो बन गए। फाइनल में 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने के बाद मोहित सीधे इंदौर पहुंचे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए सौराष्ट्र की सीनियर टीम से जुड़ गए। उन्होंने इस जीत को किसी सपने की तरह बताया है।
बयान
उल्वा ने क्या दिया बयान?
उल्वा ने क्रिकबज से आखिरी गेंद पर जड़े चौके पर कहा, "यह अद्भुत था, बिल्कुल किसी सपने जैसा। मैं वास्तव में भगवान का शुक्रिया अदा कर रहा हूं कि उन्होंने इस पल के लिए मुझे चुना। उस आखिरी ओवर में मैं बस उस एक गेंद का इंतजार कर रहा था। मुझे पता था कि सिर्फ एक बाउंड्री से 8 रन आसानी से बन सकते हैं। मैंने क्रीज से थोड़ा बाहर निकलकर खुद के लिए जगह बनाई और शॉट जड़ दिया।"
तुलना
जावेद मियांदाद के छक्के से तुलना पर क्या बोले उल्वा?
उनसे पूछा गया कि कई विशेषज्ञ और प्रशंसक उनके इस आखिरी गेंद पर मारे गए शॉट की तुलना साल 1986 में शारजाह में चेतन शर्मा की गेंद पर जावेद मियांदाद के मशहूर छक्के से कर रहे हैं।
इस सवाल पर 2007 में जन्मे मोहित ने बड़ी सादगी से कहा, "नहीं, मुझे इसके बारे में नहीं पता। मुझे क्रिकेट के शुरुआती दिनों या भारत-पाकिस्तान क्रिकेट के पुराने इतिहास के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।"
जश्न
जीत के जश्न पर उठे सवालों का दिया जवाब
फाइनल जीतने के बाद भारतीय टीम के आक्रामक जश्न की आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए उल्वा ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि जश्न किसी भी तरह से अनुचित था। इसमें कुछ भी अनावश्यक नहीं था और न ही यह किसी बुरे इरादे से किया गया था।"
उन्होंने आगे कहा, "यह भारत-पाकिस्तान के बीच खेला गया फाइनल था, इसलिए ऐसा होना स्वाभाविक था। पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने भी लीग मैच के दौरान इसी तरह का जश्न मनाया था।"