अंडर-19 एशिया कप 2026: भारत ने पाकिस्तान को हराकर जीता खिताब, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में बेहद शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एक विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। यह भारत का 9वां एशिया कप खिताब है। मुकाबले में पाकिस्तान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337/9 को विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में भारतीय टीम ने 9 विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए इस मुकाबले में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
कैसा रहा यह रोमांचक मुकाबला?
फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज उस्मान खान (107) के शतक, अब्दुल कादिर (80) और कप्तान फरहान यूसुफ (63) के अर्धशतकों से 337/9 का स्कोर खड़ा किया।
भारत से काव्य पटेल ने सर्वाधिक 4 और चिगुरुपति वेंकट ने 3 विकेट चटकाए।
जवाब में भारतीय टीम कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी (80), आर्यवीर सहवाग (58), मनल चौहान (47) और मोहित उल्वा (49*) की पारियों से आखिरी गेंद पर 9 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
शतक
उस्मान ने जड़ा टूर्नामेंट का दूसरा शतक
मुकबाले में पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज उस्मान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली।
यह उनका इस टूर्नामेंट में दूसरा शतक रहा, जिसे उन्होंने 106 गेंदों में पूरा किया। वह अपनी पारी में 111 गेंदों में 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से 107 रन बनाकर आउट हुए।
इससे पहले उन्होंने UAE के खिलाफ 6 नवंबर को खेले मुकाबले में नाबाद 139 रन की मैच जिताऊ शतकीय पारी खेली थी। वह एक अर्धशतक जड़ने में भी सफल रहे हैं।
अन्य
कादिर और यूसुफ ने जड़े अर्धशतक
पाकिस्तान के लिए उस्मान के अलावा कादिर और यूसुफ ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
कादिर ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 54 गेंदों में 3 चौके और 8 बेहतरीन छक्कों की मदद से 80 रन की पारी खेली।
इसी तरह यूसुफ ने संयमित पारी खेली। वह 60 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
अर्धशतक
रायचंदानी ने जड़ा टूर्नामेंट का तीसरा अर्धशतक
भारत के लिए कप्तान रायचंदानी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। वह 101 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 80 रन बनाकर आउट हुए।
यह उनका इस टूर्नामेंट में तीसरा अर्धशतक रहा। इससे पहले उन्होंने नेपाल के खिलाफ 53 और अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में 93 रनों की पारी खेली थी।
यह उनके यूथ वनडे करियर का चौथा अर्धशतक रहा। वह अपने करियर में 3 शतक भी जड़ चुके हैं।
उपलब्धि
आर्यवीर ने टूर्नामेंट में बनाया चौथा 50+ स्कोर
भारत के लिए आर्यवीर ने भी बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। वह 61 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए।
यह उनका इस टूर्नामेंट में चौथा 50+ स्कोर रहा है। इससे पहले उन्होंने नेपाल ने खिलाफ नाबाद 70 रन, UAE के खिलाफ 160 रन की शतकीय पारी और अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को फाइनल में पहुंचने में अहम भूमिका निभाई थी।