Page Loader
IPL 2020 नीलामी: करोड़ों में बिकने वाले अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों पर एक नजर

IPL 2020 नीलामी: करोड़ों में बिकने वाले अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों पर एक नजर

लेखन Neeraj Pandey
Dec 20, 2019
11:37 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2020 के लिए नीलामी प्रक्रिया बीते गुरुवार को कोलकाता में संपन्न हुई। इस नीलामी में कोलकाता नाइटराइडर्स ने पैट कमिंस 15.5 करोड़ रूपये में खरीदा और वह IPL इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने। भारत के कई अनकैप्ड खिलाड़ियों ने भी उम्मीद के मुताबिक अच्छी रकम हासिल की। एक नजर नीलामी में करोड़ों में बिकने वाले अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों पर।

यशस्वी जायसवाल

दो करोड़ 40 लाख रूपये में बिके यशस्वी

विजय हजारे ट्रॉफी 2019 में शानदार बल्लेबाजी करने वाले 17 वर्षीय यशस्वी जायसवाल ने उम्मीद के मुताबिक फ्रेंचाइजियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। 20 लाख बेस प्राइस वाले जायसवाल को राजस्थान रॉयल्स ने दो करोड़ 40 लाख रूपये में खरीदा। हाल ही में जायसवाल विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने थे। 13 लिस्ट-ए मैचों में 779 रन बना चुके जायसवाल से IPL में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

प्रियम गर्ग

एक करोड़ 90 लाख रूपये में बिके भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान

अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाली अंडर-19 विश्व कप में भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान और उत्तर प्रदेश के बल्लेबाज प्रियम गर्ग को भी उम्मीद के मुताबिक महत्व दिया गया। 20 लाख बेस प्राइस वाले गर्ग को सनराइजर्स हैदराबाद ने एक करोड़ 90 लाख रूपये में अपने साथ जोड़ा। गर्ग ने विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था और 10 मैचों में 814 रन बनाए थे।

विराट सिंह

22 वर्षीय विराट सिंह को मिले एक करोड़ 90 लाख रूपये

झारखंड के आक्रामक बल्लेबाज विराट सिंह को सनराइजर्स हैदराबाद ने एक करोड़ 90 लाख रूपये में खरीदा है। विराट ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और 10 मैचों में 57.17 की शानदार औसत के साथ 343 रन बनाए थे। 22 वर्षीय बल्लेबाज के पास फर्स्ट-क्लास, लिस्ट-ए और टी-20 क्रिकेट खेलने का अनुभव है। वह सनराइजर्स के सेटअप में सही तरीके से फिट हो सकते हैं।

वरुण चक्रवर्ती

चक्रवर्ती को मिले चार करोड़ रूपये

वरुण चक्रवर्ती IPL 2019 में साढ़े आठ करोड़ रूपये में बिके थे और संयुक्त रूप से सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे। अनकैप्ड मिस्ट्री स्पिनर को बेहद साधारण सीजन रहने के बाद किंग्स इलेवन पंजाब ने रिलीज कर दिया था। हालांकि, इस बार कोलकाता नाइटराइडर्स ने उन्हें चार करोड़ रूपये में अपने साथ जोड़ा है। चक्रवर्ती ने नौ लिस्ट-ए मैचों में 4.23 की इकॉनमी के साथ 22 विकेट लिए हैं।

बिश्नोई और त्यागी

बिश्नोई और त्यागी भी बने करोड़पति

19 वर्षीय रवि बिश्नोई को किंग्स इलेवन पंजाब ने दो करोड़ रूपये में खरीदा है। छह टी-20 में 6.57 की इकॉनमी से छह विकेट लेने वाले बिश्नोई अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। अंडर-19 विश्व कप टीम में शामिल तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी को राजस्थान रॉयल्स ने एक करोड़ 30 लाख रूपये में खरीदा है। त्यागी ने पांच लिस्ट-ए मैचों में 5.55 की इकॉनमी के साथ नौ विकेट लिए हैं।