त्रिकोणीय वनडे सीरीज: पाकिस्तान ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने वनडे त्रिकोणीय सीरीज के अहम मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम को रोमांचक अंदाज में 1 विकेट से हरा दिया। यह टूर्नामेंट में इंग्लैंड की तीसरी हार है और पाकिस्तान की तीसरी जीत है। मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 241 रन का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में पाकिस्तान ने 9 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए इस मुकाबले में बने प्रमुख रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
पाकिस्तान ने इस तरह जीता मुकाबला
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम को 52 रन तक 4 बड़े झटके लग गए थे।
इसके बाद बेन डकेट (105) ने सैम कर्रन (42) के साथ अहम साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। आखिरी में गस एटकिंसन (36) ने स्कोर को 241 तक पहुंचाया।
जवाब में पाकिस्तान को 154 पर 9 झटके लग गए थे, लेकिन आखिर में शादाब खान (113*) ने शतकीय पारी खेलते हुए टीम को जीत दिला दी।
शतक
डकेट ने पाकिस्तान के खिलाफ जड़ा पहला शतक
मुकाबले में डकेट ने शानदार शतकीय पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का 5वां और पाकिस्तान के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 104 गेंदों में पूरा किया।
उन्होंने और कर्रन ने मिलकर 5वें विकेट के लिए 105 गेंदों में 93 रन की साझेदारी की।
लगातार गिर रहे विकेटों के बावजूद डकेट ने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह अपनी पारी में 111 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्कों से 105 रन बनाकर आउट हुए।
उपलब्धि
डकेट ने लिस्ट-A क्रिकेट करियर में 4,000 रन पूरे किए
डकेट ने अपने लिस्ट-A क्रिकेट करियर में 4,000 रन पूरे किए।
उन्होंने अब तक 114 लिस्ट-A मुकाबलों की 109 पारियों में लगभग 40 की औसत के साथ 4,050 से अधिक रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 8 शतक और 24 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। वह लिस्ट-A करियर में दोहरा शतक (220*) भी लगा चुके हैं।
वह अपने प्रथम श्रेणी करियर में 12,000 से अधिक रन बना चुके हैं।
उपलब्धि
शादाब ने जड़ा पहला अंतरराष्ट्रीय शतक
पाकिस्तान की इस जीत में शादाब की शतकीय पारी का अहम योगदान रहा। यह उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 92 गेंदों में पूरा किया।
उन्होंने हारिस रऊफ (7*) के साथ 10वें विकेट के लिए 89* रनों की साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई।
वह अपनी पारी में 96 गेंदों में 13 चौके और 5 छक्कों की मदद से 113 रन बनाकर नाबाद रहे और अपनी टीम को जीत दिलाई।
रिकॉर्ड
नंबर-8 या उससे नीचे सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर
नंबर 8 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए शादाब अब वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने इस मामले में आयरलैंड क्रिकेट टीम के सिमी सिंह (100* बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2021) और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के मेहदी हसन मिराज (100* बनाम भारत, 2022) को पीछे छोड़ दिया है।
इस सूची में इंग्लैंड के क्रिस वोक्स (95 * बनाम श्रीलंका, 2016) तीसरे नंबर पर हैं।
उपलब्धि
शादाब ने पूरे किए 1,000 वनडे रन
इस शतकीय पारी के साथ के साथ शादाब ने अपने वनडे क्रिकेट करियर में 1,000 रन पूरे कर लिए। अपनी पारी का 45वां रन बनाते ही उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
अब उनके 74 मैचों की 47 पारियों में 31.41 की औसत और 86.19 की स्ट्राइक रेट से 1,068 रन हो गए हैं।
इसमें एक शतक के अलावा 5 अर्धशतक भी शामिल है। इसी तरह वह इस प्रारूप में अब तक 67 चौके और 27 छक्के भी जड़ चुके हैं।