त्रिकोणीय टी-20 सीरीज फाइनल: दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को हराकर जीती ट्रॉफी, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने नामीबिया टी-20 त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल मुकाबले में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 48 रन से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 205/5 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम दबाव नहीं झेल पाई और 157 रन बनाकर ढेर हो गई। आइए मुकाबले में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
दक्षिण अफ्रीका ने ऐसे जमाया ट्रॉफी पर कब्जा
दक्षिण अफ्रीका को कॉनर एस्टरहुइजेन (32) और जॉर्डन हरमन (53) की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़े।
इसके बाद टीम ने डेवाल्ड ब्रेविस (32) और रुबिन हरमन (27) की उपयोगी पारियों से 205/5 का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में प्रोटियाज गेंदबाजों के आगे जिम्बाब्वे के बल्लेबाज नहीं टिक पाए और पूरी टीम 18 ओवर में 157 रन पर सिमट गई। ब्रैड इवांस ने नाबाद 56 रन की पारी खेली।
गेंदबाजी
जोरदार रही दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी
फाइनल मुकाबले में प्रोटियाज गेंदबाजों ने दमदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।
कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट और डुआन यानसन ने 3 ओवर में 38 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।
उनके अलावा ईथन बॉश ने 3 ओवर में 22 रन देकर 2 चटकाए।
इसी तरह प्रेनेलन सुब्रायेन ने 4 ओवर में 41 रन देकर एक विकेट चटकाया। क्वेना मफाका ने 2 ओवर में 9 रन देकर एक विकेट चटकाया।
संघर्ष
इवांस ने अकेले किया संघर्ष
जिम्बाब्वे की ओर से इवांस ने अकेले संघर्ष करते हुए नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली।
यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 29 गेंदों में पूरा किया।
उन्होंने कुंडाई माटिगिमु (19) के साथ 9वें विकेट के लिए 52 और ब्लेसिंग मुजरबानी (8) के साथ 11 गेंदों पर 24 रन की साझेदारी निभाई।
वह 31 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर नाबाद रहे।
बल्लेबाजी
हरमन ने जड़ा पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक
प्रोटियाज टीम के लिए सलामी बल्लेबाज हरमन ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ही अर्धशतक रहा।
उन्होंने एस्टरहुइजेन के साथ पहले विकेट के लिए शानदार 84 रन की साझेदारी निभाई। वह अपनी पारी में 29 गेंदों में 8 चौके और 1 छक्के से 53 रन बनाकर आउट हुए।
उनके अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 6 मैचों की 5 पारियों में 27.25 की औसत से 109 रन हो गए हैं।
प्रदर्शन
लुहान-ड्रे प्रेटोरियस और ब्रेविस रहे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज
प्रोटियाज बल्लेबाज लुहान-ड्रे प्रेटोरियस और ब्रेविस ने पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया और संयुक्त रूप से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
ब्रेविस ने 5 मैचों में 56.50 की औसत से 226 रन बनाए, वहीं प्रेटोरियस ने 4 मैचों में ही 226 रन का आंकड़ा छू लिया।
ब्रेविस सीरीज में सर्वाधिक 2 अर्धशतक अपने नाम किए, जबकि प्रेटोरियस ने एक अर्धशतक के साथ एकमात्र शतक भी जड़ा।
ब्रेविस ने सीरीज में सर्वाधिक 16 छक्के भी जड़े।