LOADING...
त्रिकोणीय सीरीज 2026: रुतुराज गायकवाड़ ने अपने 100वें लिस्ट-A मैच में लगाया शतक
गायकवाड़ ने लिस्ट-A क्रिकेट में लगाया शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

त्रिकोणीय सीरीज 2026: रुतुराज गायकवाड़ ने अपने 100वें लिस्ट-A मैच में लगाया शतक

Jun 09, 2026
01:25 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका-A क्रिकेट टीम के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के पहले मैच में इंडिया-A से रुतुराज गायकवाड़ ने शानदार शतक (101) लगाया। यह उनके लिस्ट-A करियर का 21वां शतक साबित हुआ। उन्होंने दाम्बुला के मैदान पर मेजबान टीम के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और इस बीच कप्तान तिलक वर्मा के साथ मिलकर बड़ी शतकीय साझेदारी भी निभाई। यह उनका 100वां लिस्ट-A मैच है। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

जोरदार रही गायकवाड़ की पारी 

इंडिया-A ने जब 16 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब गायकवाड़ क्रीज पर आए। उन्होंने टीम को संकट से निकालने का प्रयास किया। उन्होंने तिलक के साथ मिलकर 185 गेंदों में 150 रन की साझेदारी की। वह 114 गेंदों में 101 रन की पारी खेलकर चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने प्रियांश आर्य के साथ 53 रन भी जोड़े।

आंकड़े 

बेहतरीन चल रहा है गायकवाड़ का लिस्ट-A करियर 

लिस्ट-A क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने अब तक 100 मुकाबले खेले हैं और इसकी 96 पारियों में लगभग 60 की औसत से 5,161 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 21 शतक और 19 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 220 रन रहा है। गायकवाड़ ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अब तक 9 वनडे मुकाबले खेले हैं और इसकी 8 पारियों में 28.50 की औसत से 228 रन बनाने में सफल रहे हैं।

Advertisement

बल्लेबाजी 

कप्तान तिलक ने भी लगाया अर्धशतक 

इंडिया-A टीम की कप्तानी करते हुए तिलक ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। वह 97 गेंदों में 60 रन बनाकर आउट हुए। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर सबकी नजरें थी। वह 12 गेंदों में सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हुए। उनके सलामी जोड़ीदार प्रभसिमरन सिंह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और 2 रन बनाकर आउट हुए। प्रियांश आर्य 32 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए।

Advertisement