LOADING...
त्रिकोणीय सीरीज 2026: अफगानिस्तान- A ने इंडिया-A को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

त्रिकोणीय सीरीज 2026: अफगानिस्तान- A ने इंडिया-A को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स

Jun 11, 2026
07:10 pm

क्या है खबर?

त्रिकोणीय सीरीज 2026 के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान-A ने इंडिया-A को हरा दिया। बारिश से प्रभावित 49 ओवर के मुकाबले में इंडिया-A ने 9 विकेट पर 349 रन बनाए थे। प्रभसिमरन सिंह, रुतुराज गायकवाड और तिलक वर्मा ने अर्धशतक जड़े। जवाब में अफगानिस्तान-A ने 38 ओवर में 294 रन के संशोधित लक्ष्य का पीछा करते हुए 2 विकेट पर 177 रन बना लिए, लेकिन बारिश के कारण मैच रोका गया। डकवर्थ-लुईस नियम (DLS) से उन्हें 4 रन से जीत मिली।

जोरदार

भारत ने मैच में की थी जोरदार शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-A टीम को वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने सिर्फ 7 ओवर में 74 रन जोड़ दिए। वैभव 44 रन बनाकर अब्दुल्ला अहमदजई का शिकार बने, जबकि प्रियांश आर्य जल्दी आउट हो गए। इसके बाद प्रभसिमरन ने गायकवाड के साथ मिलकर 79 रनों की अहम साझेदारी निभाई। यह गायकवाड का इस टूर्नामेंट में लगातार दूसरा 50+ का स्कोर रहा, जिससे भारत की पारी को मजबूती मिली।

कमाल 

भारतीय बल्लेबाज छा गए 

प्रभसिमरन ने 69 गेंदों का सामना किया और 84 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 14 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 121.74 की रही। गायकवाड़ ने 80 गेंदों का सामना कर 66 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके निकले। कप्तान तिलक ने 73 गेंदों का सामना किया और 66 रन की पारी खेली। उनके बल्ले से 5 चौके निकले। आखिरी ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 40 रन बना दिए।

Advertisement

फॉर्म

शानदार फॉर्म में हैं गायकवाड़

गायकवाड ने अफगानिस्तान-A के खिलाफ 80 गेंदों में 66 रनों की पारी खेली, वह फार्मानुल्लाह साफी का शिकार बन गए। अपने 101वें लिस्ट-ए मैच में खेलते हुए यह उनके करियर का 20वां अर्धशतक रहा, जबकि उनके नाम 21 शतक भी दर्ज हैं। गायकवाड ने 5,227 रन बनाए हैं और उनकी औसत लगभग 60 की रही है, लिस्ट-A क्रिकेट में 5,000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में गायकवाड की औसत सबसे अच्छी है।

Advertisement

औसत

लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे बेहतरीन औसत (कम से कम 5,000 रन)

कम से कम 5,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में गायकवाड की औसत अब सबसे बेहतर हो गई है। उनके नाम 5,227 रन 59.39 की औसत से दर्ज हैं। इस मामले में उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ा है, जिनके नाम 16,447 रन 57.91 की औसत से हैं। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज माइकल बेवन 15,103 रन और 57.86 की औसत के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, भारत के चेतेश्वर पुजारा ने 5,759 रन 57.01 की औसत से बनाए थे।

Advertisement