ट्रेंट बोल्ट ने टी-20 क्रिकेट में पहली बार एक मैच में 5 विकेट लिए, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने आखिरकार टी-20 फॉर्मेट में पहली बार मैच में 5 विकेट लेने का कारनामा किया है। यह उपलब्धि उन्होंने यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग (ETPL) 2026 में हासिल की, जहां उन्होंने नीदरलैंड्स के स्पोर्टपार्क स्टेडियम में ग्लासगो कॉस्मिक के खिलाफ एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स के लिए खेलते हुए 4 ओवर में महज 24 रन देकर 5 विकेट लिए। यह मुकाबला बोल्ट का ETPL में पहला ही मुकाबला था।
प्रदर्शन
बोल्ट का शानदार स्पेल
मैच में बोल्ट का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। उन्होंने जेसन रॉय, रिचर्ड बेरिंगटन, अली खान, पॉल वैन मीकेरेन और लुंगी एनगिडी को आउट किया।
उनके प्रदर्शन की बदौलत एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स ने ग्लासगो कॉस्मिक को महज 115 रन पर ऑलआउट कर दिया। इसके बाद कैसल रॉकर्स ने यह मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया।
यह प्रदर्शन बोल्ट के टी-20 करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है, क्योंकि इससे पहले उन्होंने एक मैच में कभी 5 विकेट नहीं लिए थे।
आंकड़े
ऐसा रहा है बोल्ट का करियर
इस मुकाबले से पहले टी-20 मैच में बोल्ट का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/13 था, जो उन्होंने 2022 में श्रीलंका के खिलाफ हासिल किया था।
बोल्ट ने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन वह दुनियाभर की फ्रेंचाइजी क्रिकेट में लगातार प्रभाव छोड़ रहे हैं।
316 मैचों में बोल्ट के नाम 361 विकेट हैं और उनका गेंदबाजी औसत 26.07 है।
इस साल की शुरुआत में बोल्ट टी-20 में 350 विकेट पूरे करने वाले पहले कीवी गेंदबाज बने थे।