ट्रेविस हेड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया पहला टेस्ट शतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट की अपनी दूसरी पारी में शतक लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 13वां शतक रहा। यह प्रोटियाज टीम के खिलाफ उनके बल्ले से निकलने वाली पहली शतकीय पारी साबित हुई। इस बीच उन्होंने मार्नस लाबुशेन के साथ मिलकर उपयोगी साझेदारी निभाई। आइए उनकी पारी के बारे में जानते हैं।
पारी
हेड ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
सेंट जॉर्ज पार्क में दूसरे टेस्ट में फॉलो-ऑन खेलने पर मजबूर ऑस्ट्रेलिया के लिए हेड ने संघर्षपूर्ण पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों के खिलाफ उन्होंने एक छोर से टिककर बल्लेबाजी की।
उन्होंने लाबुशेन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की।
निरंतर रन बटोरते हुए मैच के 5वें दिन के दूसरे सत्र के दौरान उन्होंने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। उन्होंने 151 गेंदों में शतक पूरा किया।
आंकड़े
हेड के टेस्ट करियर पर एक नजर
हेड ने साल 2018 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 69 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 118 पारियों में लगभग 43 की औसत से 4,750 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं।
उन्होंने 13 शतक और 20 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 175 रन का रहा है।
वह पिछले कुछ सालों से टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज साबित हुए हैं।
आंकड़े
हेड ने विदेशों में लगाया अपना दूसरा शतक
क्रिकबज के मुताबिक, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023 के फाइनल में भारत के खिलाफ बनाए गए 163 रनों के बाद, हेड का यह विदेशी धरती पर केवल दूसरा शतक है।
उन्होंने अपने 11 टेस्ट शतक घर पर लगाए हुए हैं।
1988 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड के खिलाफ डेविड बून की नाबाद 184 रनों की पारी के बाद, फॉलो-ऑन खेलते हुए शतक लगाने वाले हेड पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए हैं।