भारत ने आयरलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, वैभव सूर्यवंशी को फिर मौका नहीं
क्या है खबर?
आयरलैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम 2 मैचों की टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले के लिए रविवार (28 जून) को बेलफास्ट में आमने-सामने हैं। इस मुकाबले का टॉस भातरीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मुकाबले में सबसे की नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर टिकी थी, लेकिन टीम प्रबंधन ने उनका इंतजार और बढ़ा दिया है। हालांकि, प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे को डेब्यू का मौका मिला है।
टीम
कैसी है दोनों टीमों की प्लइंग इलेवन?
भारत ने सूर्यवंशी को मौका न देकर प्रिंस और शेडगे को अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका दिया है। भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, सूर्यांश शेडगे, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव। आयरलैंड की प्लेइंग इलेवन: रॉस अडेयर, टिम टेक्टर, हैरी टेक्टर, लॉर्कन टकर (कप्तान एवं विकेटकीपर), बेंजामिन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज, लियाम मैकार्थी, जय मूंदरा और मैथ्यू हॉलार्ड।
हेड-टू-हेड
भारत के खिलाफ एक ही मुकाबला जीत पाई है आयरलैंड टीम
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दोनों टीमों के बीच अब तक 9 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान 8 मुकाबलों में भारतीय टीम को जीत मिली है, जबकि एक मुकाबला आयरलैंड ने जीता है। यह इस सीरीज का पहला ही मैच था। आयरलैंड अब दूसरा मैच जीतकर भारत के खिलाफ पहली सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। पहले मुकाबले में आयरलैंड ने 182/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 पर सिमट गई थी।
पिच
कैसा है बेलफास्ट की पिच का मिजाज?
बेलफास्ट की पिच से आमतौर पर बल्लेबाजों को अच्छी उछाल और गति मिलती है। ऐसे में शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाज इसका फायदा उठाना चाहेंगे। हालांकि, मैच जितना आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है और स्पिनर्स को मदद मिल सकती है। हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 10 मैच जीते हैं और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 16 मुकाबले अपने नाम किए हैं।
आंकड़े
भारतीय टीम ने 513 दिन बाद किसी खिलाड़ी को दिया डेब्यू का मौका
शेडगे और प्रिंस टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए डेब्यू करने वाले 120वें और 121वें खिलाड़ी हैं। यह दूसरी सबसे अधिक संख्या है। इस मामले में पाकिस्तान पहले नंबर पर हैं, जिसने 125 से अधिक खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका दिया है। भारत के लिए इससे पहले जनवरी 2025 में हर्षित राणा ने टी-20 अंतरराष्ट्री में डेब्यू किया था। ऐसे में भारत ने 513 दिनों के बाद किसी नए खिलाड़ी को डेब्यू का मौका दिया है।
अंतराल
भारत के लिए 2 खिलाड़ियों के डेब्यू करने के बीच सबसे बड़ा अंतराल
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए 2 डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों के बीच यह सबसे लंबा अंतराल है। इससे पहले सबसे लंबा अंतराल 451 दिनों का था। भुवनेश्वर कुमार ने 25 दिसंबर, 2012 को 45वें खिलाड़ी के रूप में डेब्यू किया था। उसके बाद मोहम्मद शमी ने 21 मार्च 2014 को 46वें खिलाड़ी के रूप में इस प्रारूप में अपना डेब्यू किया था। बता दें कि शेडगे का यह पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला है, जबकि प्रिंस वनडे डेब्यू कर चुके हैं।