
टी-20: हार के बावजूद खेली गई सबसे बड़ी पारियां, इस बल्लेबाज ने जड़े थे 151 रन
क्या है खबर?
टी-20 क्रिकेट में कभी-कभी टीम जीत से दूर रह जाती है, लेकिन कई ऐसे खिलाड़ी होते हैं जो हार के बावजूद भी जबरदस्त हिम्मत और लगन से खेलते हैं।
ये खिलाड़ी बड़ी और दमदार पारियां खेलकर मैदान में अलग पहचान बनाते हैं। उनकी बल्लेबाजी न केवल टीम के लिए उम्मीद की किरण होती है, बल्कि दर्शकों को भी खूब रोमांचित करती है।
ऐसे में आइए हारे हुए मुकाबलों में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों पर एक नजर डालते हैं।
#1
क्रिस गेल (151* रन)
पहले स्थान पर पूर्व दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल हैं। उन्होंने 2015 में सॉमरसेट क्रिकेट टीम के लिए 151* रन की पारी खेली थी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए केंट क्रिकेट टीम ने 227/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में गेल ने 62 गेंदों में ही ये रन बना दिए थे। उनके बल्ले से 10 चौके और 15 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 243.54 की रही थी।
सॉमरसेट 224/7 का स्कोर ही बना पाई और मुकाबला 3 रन से हार गई।
#2
कैमरून व्हाइट (141* रन)
कैमरून व्हाइट इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने भी सॉमरसेट के लिए ही साल 2006 में 141* रन की पारी खेली थी।
व्हाइट ने 70 गेंदों का सामना किया था और उनके बल्ले से 14 चौके और 6 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 201.42 की रही थी।
व्हाइट की पारी के कारण वॉर्सेस्टरशायर के खिलाफ सॉमरसेट ने 198/4 का स्कोर बना दिया था। जवाब में वॉर्सेस्टरशायर ने 7 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया था।
#3
ब्रेंडन टेलर (140 रन)
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी ब्रेंडन टेलर तीसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने मिड वेस्ट राइनोज की ओर से खेलते हुए मशोनालैंड ईगल्स के खिलाफ साल 2021 में 140 रन की शानदार पारी खेली थी।
78 गेंदों में 19 चौके और 5 छक्कों की मदद से यह पारी खेली गई, फिर भी उनकी टीम 6 विकेट से हार गई।
मिड वेस्ट ने पहले खेलते हुए 194 रन बनाए थे, इस लक्ष्य को मशोनालैंड ने 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
#4
डेनियल क्रिश्चियन (129 रन)
सूची में चौथे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी डेनियल क्रिश्चियन हैं। उन्होंने मिडलसेक्स क्रिकेट टीम के लिए साल 2014 में 129 रन की पारी खेली थी।
हालांकि, इसके बावजूद उस मुकाबले में उनकी टीम को केंट क्रिकेट टीम के खिलाफ 16 रन से हार मिली थी।
क्रिश्चियन ने मैच में 57 गेंदों का सामना किया था और ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 12 चौके और 10 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 226.31 की रही थी।