
IPL 2025 में इन बल्लेबाजों ने खेली सबसे बड़ी पारियां, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में क्रिकेट प्रेमियों को कई रोचक मुकाबले और शानदार पारियां देखने को मिलीं। इस संस्करण में कई बल्लेबाजों ने अपने दम पर खेल की दिशा बदल दी और बड़े रन बनाकर नया इतिहास रच दिया। कुछ पारियां इतनी प्रभावशाली रहीं कि वे लंबे समय तक याद रखी जाएंगी। ऐसे में आइए IPL 2025 में खेली गई सबसे बड़ी पारियों पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
अभिषेक शर्मा (141 रन)
पहले स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हैं। उन्होंने IPL 2025 के 27वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 141 रन बनाए थे। PBKS ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 245/6 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में अभिषेक ने 55 गेंदों का सामना करते हुए ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 14 चौके और 10 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 256.36 की रही थी। SRH 8 विकेट से ये मुकाबला जीत गई थी।
#2
ऋषभ पंत (118* रन)
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने IPL 2025 के 70वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 118* रन बना दिए थे। इस खिलाड़ी ने 61 गेंदों का सामना किया था और उनके बल्ले से 11 चौके और 8 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 193.44 की रही थी। LSG ने उनकी पारी के दम पर 227/3 का स्कोर बना दिया था। हालांकि, वह 6 विकेट से मुकाबला हार गए थे।
#3
मिचेल मार्श (117 रन)
LSG के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने IPL 2025 के 64वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 117 रन बना दिए थे। उनकी इस शानदार पारी के ही कारण LSG 235/2 का स्कोर बनाने में सफल रही थी। मार्श ने 64 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और 8 छक्के जड़ दिए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 182.81 की रही थी। उस मुकाबले में LSG को 33 रन से जीत मिली थी।
#4
केएल राहुल (112 रन)
दिल्ली कैपिटल्स (DC) के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने GT के खिलाफ 60वें मुकाबले में 112 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 14 चौके और 4 छक्के निकले थे और उनकी स्ट्राइक रेट 172.30 की रही थी। हालांकि, इस शानदार पारी के बावजूद उनकी टीम यह मुकाबला 10 विकेट से हार गई थी। शुभमन गिल (93*) और साई सुदर्शन (108*) ने पूरा मैच ही पलट दिया था।